मंदिर का ताला तोड़कर वारदात, श्रद्धालुओं में आक्रोश; पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच।
डेस्क (हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। अब चोरों ने भगवान के घर को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला हसनगंज प्रखंड अंतर्गत बलुआ पंचायत के भारीडीह स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के उतर साइड का गेट में लगे ताला तोड़कर दान पेटी सहित करीब 12 घंटियों की चोरी कर ली। मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश एवं काफी गम और नाराजगी है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, रात्रि में अज्ञात चोरों द्वार मंदिर के ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद मंदिर में रखी दान पेटी और करीब 12 घंटियां लेकर फरार हो गए। चोरों ने आसपास स्थित अन्य मंदिरों की घंटियों को भी निशाना बनाया। धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना से स्थानीय लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है। मंदिर में चोरी की घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब सुबह पुजारिन भोलिया देवी मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंचीं। मंदिर का ताला टूटा हुआ देखकर और अंदर दान पेटी व घंटियां गायब पाकर वह हैरान रह गईं। इसके बाद उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। मामले की सूचना पुलिस प्रशासन को भी दी गई। मंदिर के पुजारी नरेश गोस्वामी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष पप्पू कुमार मंडल एवं चंदन कुमार शर्मा आदि ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक शिव मंदिर से दान पेटी और घंटियों की चोरी होना बेहद दुखद है। चोरों ने बाबा भोलेनाथ के मंदिर के साथ-साथ आसपास स्थित अन्य मंदिरों की घंटियों को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने बताया कि मंदिर की दान पेटी चोरी होने से करीब 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई राशि दान पेटी में रखी जाती थी। इस तरह की घटना से श्रद्धालुओं में मायूसी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती नियमित रूप से बढ़ाने की मांग की है। कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन को रात्रि के समय विशेष निगरानी रखने की जरूरत है, ताकि मंदिरों और आम लोगों की संपत्ति को सुरक्षित रखा जा सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिर में चोरी की घटना की जांच कर चोरों की पहचान करने, चोरी गई दान पेटी और घंटियों की बरामदगी तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। इस को लेकर थाना अध्यक्ष निक्की ने कहा मंदिर के पुजारी द्वारा आवेदन प्राप्त हुई हैं। मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही हैं।
