October 29, 2026

फलका में पहली बार होगा विशाल इज्तिमा, दो लाख की संभावित भीड़ के लिए प्रशासन ने कसी कमर

Read Time:3 Minute, 52 Second

एसडीएम डॉ. सूरज कुमार ने आयोजन स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश।

फलका (मो0 काजू )

कटिहार जिले के फलका प्रखंड अंतर्गत सालेहपुर-महेशपुर में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तिमा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। फलका प्रखंड में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित हो रहे इस धार्मिक समागम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए बुधवार को एसडीएम डॉ. सूरज कुमार ने अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।आयोजक कमेटी की ओर से करीब 60 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान जताया गया है। वहीं, प्रशासन किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए एक से दो लाख लोगों की भीड़ को ध्यान में रखकर तैयारियां कर रहा है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने आयोजन स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की और आवश्यक कमियों को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान आयोजन स्थल के समीप एक कमजोर पुलिया का मामला सामने आया। एसडीएम ने आयोजक कमेटी को पुलिया की मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि लोगों की आवाजाही के दौरान किसी तरह की दुर्घटना या परेशानी की आशंका न रहे। इसके अलावा भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर वॉलंटियर्स की तैनाती करने और लोगों के आवागमन को सुचारु बनाने पर जोर दिया गया।इज्तिमा में संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात नियंत्रण, पार्किंग और लोगों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि दूसरे क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आयोजन स्थल तक पहुंचने और वापस लौटने में किसी तरह की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सनी सौरभ, अंचल अधिकारी सौमी पोद्दार, थाना अध्यक्ष प्रहलाद यादव और राजस्व अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इज्तिमा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Previous post हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद, मनिहारी में बुलडोज़र का इस्तेमाल करके एक दर्जन ढांचों (कतरों) को गिरा दिया गया और उस जगह को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया गया।
Next post कटिहार पुलिस की तत्परता तेलता रेलवे स्टेशन से 12 वर्षीय गुमशुदा बालक सकुशल बरामद
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial