कुर्सेला पुलिस की कार्रवाई, पिकअप वाहन से 9 मवेशी बरामद, 4 पशु तस्कर गिरफ्तार।
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुर्सेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष को बीती रात गुप्त सूचना मिली कि नवगछिया क्षेत्र से एक पिकअप वाहन पर क्रूरतापूर्वक मवेशियों को लादकर कुर्सेला की ओर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर देर रात एनएच-स्थित कुर्सेला चैक पोस्ट के पास पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान पुलिस बल को देखकर एक पिकअप वाहन चालक भागने लगा। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया और मौके पर चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।वाहन की तलाशी लेने पर उसमें नौ मवेशी बरामद हुए, जिन्हें क्रूरतापूर्वक ठूंसकर लाया जा रहा था। पकड़े गए तस्करों की पहचान मो. फिरोज (42), पिता मो. तजीर, मो. हसीम (33), पिता स्व. मो. खलील, पंकज कुमार सिंह (22), पिता बवल सिंह, और रविन्द्र साह (48), पिता घोलटू साह सभी निवासी सधवा रंगरा थाना रंगरा जिला भागलपुर के रूप में की गई है।बरामदगी सूची में एक पिकअप वाहन और कुल नौ मवेशी शामिल हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से नवगछिया और भागलपुर इलाके से मवेशियों की तस्करी कर कटिहार व बंगाल सीमावर्ती क्षेत्र के आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई कराता रहा है।थानाध्यक्ष ने बताया कि पशु तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। गुप्त सूचना तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है ताकि ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पशु तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
