मनिहारी रेलवे कॉलोनी में सीआईएसएफ जेपी कप क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
मनिहारी रेलवे कॉलोनी के खेल मैदान में गुरुवार को सीआईएसएफ जेपी कप क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन बिहार एसटी आयोग के पूर्व अध्यक्ष शंभू कुमार सुमन द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर टूर्नामेंट के आयोजन का उद्देश्य दिवंगत सीआईएसएफ जवान जितेंद्र कुमार पासवान की स्मृति को सम्मानित करना और उनकी प्रतिभा को याद करना है।उद्घाटन से पहले दिवंगत जितेंद्र पासवान की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने बताया कि किस प्रकार अल्पायु में जितेंद्र पासवान ने सीआईएसएफ में अपनी सेवा दी। जितेंद्र क्रिकेट में भी निपुण थे और कॉलोनी के सभी लोगों के प्रिय थे।आयोजित इस अंतराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में बिहार, बंगाल और झारखंड सहित कुल 16 टीमों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन मैच बारसोई और कहलगांव की टीमों के बीच खेला गया। टूर्नामेंट के अध्यक्ष उत्तम पासवान ने बताया कि यह आयोजन जितेन्द्र की स्मृति को जीवंत रखने के लिए किया जा रहा ह। इस अवसर पर जदयू के नगर अध्यक्ष प्रकाश मौवार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बालेश्वर प्रसाद सिंह, और अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। टूर्नामेंट आयोजन समिति में सचिव चंद्रशेखर पासवान, उपाध्यक्ष जॉनी व चंदन पासवान, उप सचिव अमित झा, रमन लाल, अन्नू पोद्दार, राहुल गुंजन सहित अन्य सदस्य सक्रिय रहे।31जनवरी तक टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कई राज्यों की टीमें अपना प्रदर्शन करेंगी। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा और उन्हें अपने कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा।
