कुरसेला में लापता युवक की हत्या का मामला उजागर, दो गिरफ्तार।
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुरसेला थाना क्षेत्र के अयोध्यागंज बाजार से नौ दिन पहले लापता हुए युवक की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के अयोध्यागंज बाजार जमाई टोला निवासी बसंती देवी और संजय जायसवाल के 17 वर्षीय पुत्र सीतीश 28 अगस्त की सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने घर से नया हाट स्थित बबलू साह की दुकान पर काम करने गया था। इसके बाद से ही वह रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।लापता होने के बाद परिजनों ने लगातार खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच, परिजनों ने संदेह जताया कि दुकान बंद करने के बाद सीतीश की हत्या कर दी गई है। मृतक की मां बसंती देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उनके बेटे ने कोई गलती की थी तो उन्हें इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा करने के बजाय उसकी जान ले ली गई।घटना के दिन मंटू साह के मौजूद रहने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। परिजनों ने दावा किया कि वह कटरिया में थे, जबकि मंटू साह का कहना है कि वे अपनी बहन के घर पर मौजूद थे। इस विरोधाभासी बयान ने मामले को और पेचीदा बना दिया है।इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर थाना लाया है। सदर 2 एसडीपीओ रंजन कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। उनके बयान के आधार पर SDRF और गोताखोरों की टीम युवक के शव की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। वहीं, परिजन न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।
