कुर्सेला में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया ।
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को पूरे प्रखंड में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा छह माह से ऊपर के बच्चों को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजॉल खिलाई गई। जिन बच्चों को किसी कारणवश दवा नहीं मिल सकी है, उन्हें आगामी 19 सितम्बर को मॉप-अप दिवस के दौरान यह दवा खिलाई जाएगी।कुर्सेला प्रखंड सभागार में कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। यहां सभी विभागों के पदाधिकारियों ने स्वयं दवा का सेवन कर अभियान का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को कृमि संक्रमण के खतरों और इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों में खून की कमी, कुपोषण, भूख न लगना, पेट दर्द, दस्त और पढ़ाई में कमजोरी जैसी समस्याएं पैदा करता है। ऐसे में यह दवा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है।आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और आशा कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर लोगों को अभियान की जानकारी दी और बच्चों को दवा खिलाने में सक्रिय भूमिका निभाई। शिक्षकों ने भी विद्यालयों में बच्चों को दवा सेवन कराकर स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश दिया।चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि दवा सुरक्षित है और इसे केवल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व शिक्षक की देखरेख में ही खिलाया जाएगा। दवा घर ले जाने की अनुमति नहीं है। छोटे बच्चों के लिए दवा को पीसकर पानी में घोलकर चम्मच से दी गई।चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अमरलाल ने अपील किए हैं कि अभिभावक 19 सितम्बर को होने वाले मॉप-अप दिवस का लाभ जरूर उठाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रह सके।इस अवसर पर चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, शिक्षा विभाग एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ और सक्षम बनाना है।
