जितिया पर्व के दिन किशोर की डूबकर मौत, मां की कोख हुई सुनी।
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुरसेला प्रखंड क्षेत्र में एक ओर जहां माताएं पुत्र की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए जितिया पर्व का व्रत रख रहीं थीं, वहीं दूसरी ओर कुरसेला प्रखंड से एक दर्दनाक खबर ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। दक्षिणी मुरादपुर पंचायत के खेरिया मंडल टोला निवासी 17 वर्षीय मोनू कुमार मिश्रा की डूबने से मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, मोनू अपने दोस्तों के साथ पत्थर टोला जाने वाली सड़क पर कलभट्ट के समीप बाढ़ के पानी में नहाने गया था। इसी दौरान गहरे पानी में फिसलकर वह डूब गया। उसके दोस्तों ने शोर मचाया और स्थानीय लोग दौड़े, लेकिन समय पर उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। किसी तरह काफी मशक्कत के बाद मोनू को पानी से बाहर निकालकर आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुरसेला ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।बताया जाता है कि घटना के समय आसपास के लोग जितिया पर्व की तैयारियों में व्यस्त थे। नहाए-खाए के दिन किशोर की यह मौत पूरे गांव पर वज्रपात की तरह गिरी। परिक्षेत्र एवं गांव में जितिया पर्व की पूजा की तैयारी चल रही थी, वही गांव में चीत्कार और मातम में बदल गया।मृतक मोनू, ललन मिश्रा का बेटा था और खेरिया मंडल टोला का रहने वाला था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि मोनू पढ़ाई के साथ-साथ घर के कामों में भी मदद करता था और सभी का चहेता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कुर्सेला पुलिस तथा अंचल पदाधिकारी सुश्री अनुपम के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी आकाश कुमार मिश्रा भी अस्पताल पहुंचकर शव को कागजी प्रक्रिया करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजने में लगी थी। वही अंचल पदाधिकारी सुश्री अनुपम ने बताया कि जो भी आपदा के द्वारा अनुग्रह राशि जो दी जाती है। कागजी प्रक्रिया करते हुए दी जाएगी।इधर, मोनू के घर पहुंचे शव को देखते ही परिवार की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पर्व के बीच अचानक हुई इस घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।
