August 25, 2026

श्रावणी मेले की तैयारी को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न, कांवरिया पथों के उन्नयन व सुरक्षा पर हुए मंथन

Read Time:2 Minute, 43 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा)

आगामी श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने को लेकर मंगलवार को मनिहारी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह ने की, जबकि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने कांवरिया पथों की जर्जर स्थिति को लेकर चिंता जताई और उसके उन्नयन की मांग की। इसके साथ ही सफाई, पेयजल, रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सुझाव दिए गए। गंगातट पर विशेष निगरानी की आवश्यकता पर बल देते हुए कांवरियों के ठहराव स्थल और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था की मांग की गई।एसडीएम श्री त्रिलोकी नाथ सिंह ने बताया कि श्रावण मास में हजारों श्रद्धालु मनिहारी गंगातट पर जल भरने आते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सफाई, बिजली, पेयजल और मेडिकल कैंप की व्यवस्था समय पर पूर्ण करें।वहीं, एसडीपीओ बिनोद कुमार ने बताया कि कांवरियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग भी की जाएगी ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।बैठक में प्रमुख अनीता देवी, जिला परिषद सदस्य सुमति देवी, फूलमणि हेम्ब्रम, डॉ. ब्रजेश नंदन, खुश्बू कुमारी, बीडीओ सनत कुमार, सीओ निहारिका, नगर कार्यपालक पदाधिकारी नसीमुद्दीन खान, थानाध्यक्ष पंकज आनंद, पुलिस इंस्पेक्टर पप्पू कुमार, वार्ड पार्षद व पंचायत प्रतिनिधि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Previous post कटिहार नगर भवन में युवा संवाद कार्यक्रम में युवा प्रत्याशी देने की हुई मांग। युवा शक्ति मजबूती से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लिया संकल्प: लाखों यादव
Next post 15 लाख की लागत से छठ घाट का विधायक निशा सिंह ने किया शिलान्यास।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial