हसनगंज के भरीडीह शिव मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर, तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन।
(डेस्क|हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड स्थित बलुआ पंचायत के प्राचीन एवं ऐतिहासिक भरीडीह शिव मंदिर में आगामी महाशिवरात्रि पर्व (15 फरवरी) को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस कड़ी में मंदिर परिसर की साफ-सफाई के साथ रंग-रोगन का कार्य अंतिम चरण में है। मंदिर कमेटी की ओर से महाशिवरात्रि के अवसर पर तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कटिहार जिला सहित आसपास के विभिन्न जिलों से भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं और भगवान शिव से अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं सलामती की कामना करते हैं। पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालु मेले का भी भरपूर आनंद उठाते हैं। महाशिवरात्रि को भगवान शिव की उपासना का महापर्व माना जाता है। शिव भक्त सदियों से इस दिन श्रद्धा, अनुशासन और समर्पण के साथ उपवास रखते आ रहे हैं। शास्त्रों के अनुसार, पूर्ण निष्ठा से किया गया यह व्रत भक्तों को पापों से मुक्ति और आशीर्वाद प्रदान करता है। पर्व को लेकर प्रखंड के सभी शिवालयों को सजाया जा रहा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भरीडीह शिव मंदिर परिसर में झूला, खिलौनों की दुकानें, लकड़ी के फर्नीचर, मिठाइयों सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें सजने लगी हैं। मेले को लेकर बच्चों समेत सभी वर्ग के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। भरीडीह शिव मंदिर मेला अध्यक्ष सह मुखिया कांतिलाल मुर्मू ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजा-पाठ, शिवलिंग का भव्य साज-श्रृंगार तथा निरंतर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया है। संध्या समय श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी व्यवस्था रहेगी।पूर्व पंचायत समिति प्रतिनिधि सदानंद तिर्की ने बताया कि यहां लगने वाला मेला लगभग एक माह तक चलता है, जहां पूजा-अर्चना के साथ लोग मेले का आनंद लेते हैं। खासकर लकड़ी से बने सामानों की खरीदारी के लिए यह मेला काफी प्रसिद्ध है। इस अवसर पर मुखिया कांतिलाल मुर्मू, सदानंद तिर्की, ओम प्रकाश, हलेश्वर ठाकुर, विकास कुमार, मनोहर कुमार, अभय कुमार, पप्पू मंडल सहित दर्जनों ग्रामीणों ने हसनगंज से मंदिर तक जाने वाली पक्की सड़क की जर्जर स्थिति पर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों और जल लेकर आने वाले कांवड़ियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने बिहार सरकार से मांग की है कि महाशिवरात्रि से पूर्व सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
