श्रावणी मेला की तैयारी तेज, एसडीएम की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक; श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर फोकस
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
आगामी श्रावणी मेला के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को प्रखंड सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकीनाथ सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में मेला की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और गत वर्ष की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर इस बार और बेहतर इंतजाम पर चर्चा की गई।बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, बैरिकेडिंग, वस्त्र परिवर्तन गृह, स्वास्थ्य शिविर और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से मंथन हुआ। नारायणपुर मार्ग की जर्जर सड़क को अविलंब दुरुस्त कराने का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजने का भी निर्णय लिया गया, ताकि कांवरियों को परेशानी न हो।एसडीएम त्रिलोकीनाथ सिंह ने कहा कि इस बार भी व्यापक तैयारी की जा रही है। श्रद्धालुओं को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी और सभी विभाग समन्वय से काम करेंगे। एसडीपीओ विनोद कुमार ने बताया कि विधि-व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की जाएगी। मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग, हाईवे पर निगरानी और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे।मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव ने नगर पंचायत की ओर से प्रकाश, बैरिकेडिंग और शिविर जैसी सुविधाएं देने का भरोसा दिलाया। प्रखंड प्रमुख अनीता देवी और जिप सदस्य सुमति देवी ने पंचायत स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया।बैठक में थाना अध्यक्ष संतोष कुमार झा, रेल थाना प्रभारी, अग्निशमन, बीएचएम सहित कई विभागीय अधिकारी और समिति सदस्य मौजूद थे।
