बारसोई में सांसद तारिक अनवर को जनता ने घेरा, बिजली-कटाव समेत विकास के मुद्दों पर मांगा जवाब
मो0 सनाउल्लाह( बारसोई)
बारसोई प्रखंड में रविवार को कटिहार सांसद तारिक अनवर के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका घेराव कर क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान बिजली की बदहाल व्यवस्था, नदी कटाव, शिक्षा, स्वास्थ्य, नल-जल योजना और जर्जर सड़कों समेत कई बुनियादी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर की और समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की।क्षेत्र भ्रमण की शुरुआत में सांसद तारिक अनवर जम्मू में पदस्थापित बारसोई प्रखंड के शिकारपुर निवासी फौजी मो. सगीरुद्दीन के आकस्मिक निधन पर उनके परिजनों से मिले। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद सांसद ने विभिन्न इलाकों का दौरा कर आम लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।इस दौरान जिला परिषद क्षेत्र संख्या-26 के लोगों ने सांसद के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं का पिटारा खोल दिया। ग्रामीणों ने कहा कि बारसोई के कई इलाकों में बिजली की अनियमित आपूर्ति और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। वहीं नदी कटाव के कारण बड़ी आबादी के सामने घर, जमीन और आवागमन की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसके अलावा शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, नल-जल योजना का समुचित लाभ तथा जर्जर सड़कों के निर्माण और मरम्मत की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई गई।जनता की नाराजगी उस समय और स्पष्ट दिखाई दी, जब ग्रामीणों ने सांसद से क्षेत्र के विकास को लेकर सीधे सवाल पूछे। लोगों का कहना था कि लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए आवाज उठाई जा रही है, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।ग्रामीणों के सवालों पर सांसद तारिक अनवर ने खुद को विपक्ष में बताते हुए सरकार पर विपक्षी क्षेत्रों के साथ सौतेला व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार में उनकी पार्टी नहीं होने के कारण विकास कार्यों के लिए अपेक्षित सहयोग प्राप्त करने में कई तरह की परेशानियां आती हैं। हालांकि उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा दिए गए सभी मांग पत्रों को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव पहल की जाएगी।जिप सदस्य गुलजार आलम ने सांसद से पूछे तीखे सवालइस दौरान जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम ने सांसद तारिक अनवर को विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपते हुए उनके समाधान के लिए पहल करने का आग्रह किया। इसी क्रम में उन्होंने सांसद से बारसोई के विकास को लेकर उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों पर भी सवाल किया।गुलजार आलम ने कहा कि बारसोई की जनता और उनके पूर्वज लंबे समय से सांसद तारिक अनवर को अपना समर्थन और वोट देते आ रहे हैं, लेकिन क्षेत्र की वर्तमान स्थिति को देखते हुए लोग उनके कार्यों से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जनता आज भी बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, नल-जल और नदी कटाव जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की आवाज को मजबूती से उठाकर समस्याओं का समाधान कराएं।सांसद ने सभी मांगों और आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग एवं सरकार के स्तर पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।सांसद के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कांग्रेस नेता सुनील यादव, नगीना यादव, प्रखंड अध्यक्ष मो० शाहनवाज, कांग्रेस नेता जहरुल इस्लाम, डॉ. नवाज, डॉ. मशनूर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे
