पूर्व उप सरपंच नारायण यादव का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
(डेस्क |हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड क्षेत्र की ढेरुआ पंचायत अंतर्गत फारही गांव निवासी पूर्व उप सरपंच नारायण यादव करीब 85 वर्ष का निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार सहित गांव एवं आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की। मृतक के पुत्र पूर्व उप प्रमुख संजय यादव ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। निधन की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मिले तथा उन्हें ढांढस बंधाया। इसी क्रम में पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. राम प्रकाश महतो, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन कुमार उरांव, मुखिया मो. रुस्तम अली, अनिल यादव, अशोक यादव, राजेश यादव सहित कई गणमान्य लोग नारायण यादव के आवास पर पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान लोगों ने कहा कि नारायण यादव एक अच्छे सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ-साथ बेहद मिलनसार, सरल एवं व्यवहार कुशल व्यक्ति थे। वे हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनके निधन से समाज ने एक अनुभवी एवं सहयोगी व्यक्ति को खो दिया है, जिसकी भरपाई करना कठिन है। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कहा कि नारायण यादव का सामाजिक जीवन लोगों के लिए प्रेरणादायी रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पंचायत के लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए हमेशा प्रयास किया। उनके निधन से गांव के लोगों में गहरा दुःख है। शोक व्यक्त करने पहुंचे लोगों ने ईश्वर से दिवंगत नारायण यादव की आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। परिवार के सदस्यों एवं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
