कुर्सेला प्रखंड में नया राशन कार्ड व संशोधन हेतु विशेष शिविर का आयोजन
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लेकिन वंचित परिवारों को लाभ पहुंचाने और राशन कार्ड में संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुर्सेला प्रखंड में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर क्रमवार सभी पंचायतों में लगाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण स्तर पर ही लाभुक आसानी से आवेदन कर सकें।इस अभियान के तहत अब तक कई पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।उत्तरी मुरादपुर और दक्षिणी मुरादपुर पंचायत भवन में शिविर लगाया गया। वहीं 24 सितंबर तक उत्तरी मुरादपुर, दक्षिणी मुरादपुर और जरलाही पंचायतों में संयुक्त रूप से कैंप का आयोजन किया गया। इन शिविरों में नया राशन कार्ड बनवाने के लिए कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि नाम जोड़ने और काटने (संशोधन) के लिए 04 आवेदन जमा किए गए।आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 22 आवेदन पत्र ‘क’ (नया राशन कार्ड हेतु) और 06 आवेदन नाम जोड़ने व काटने के लिए प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदनों को ऑनलाइन पोर्टल rconline.bihar.gov.in पर दर्ज कर रसीद निर्गत की जा रही है। इसके बाद नियमानुसार जांच कर पात्रता के आधार पर नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे।आपूर्ति पदाधिकारी कुमार किंचित ने बताया कि शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ना है। कैंप मोड में आयोजित हो रहे इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रखंड या जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर शिविर लगने से उन्हें काफी सुविधा मिल रही है। अब तक जिन गरीब परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध नहीं हो पाया था, वे भी इस प्रक्रिया से जुड़कर सरकारी अनाज का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। विभाग का दावा है कि इस अभियान से कुर्सेला प्रखंड के सभी पात्र लाभुकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जोड़ने में सफलता मिलेगी।
