डीएम आशुतोष द्विवेदी की मौजूदगी में रामपुर में विशेष ग्रामसभा, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर।
डेस्क ( हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित रामपुर पंचायत के आदर्श मध्य विद्यालय हसनगंज में पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को ‘विकसित भारत, समृद्ध बिहार’ के तहत विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा की अध्यक्षता रामपुर पंचायत की मुखिया रानी देवी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, एमएलसी अशोक कुमार अग्रवाल, मुखिया रानी देवी, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार मंडल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।ग्रामसभा को संबोधित करते हुए एमएलसी अशोक कुमार अग्रवाल एवं मुखिया रानी देवी ने कहा कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर विशेष ग्रामसभा आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य पंचायत में चल रहे विकास कार्यों को गति देना तथा ग्रामीणों की समस्याओं, जरूरतों और सुझावों को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि पंचायत के समुचित विकास के लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। ग्रामीणों से पंचायत के विकास में सहयोग करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की गई।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का भी प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से सुना। विशेष ग्रामसभा में नशा मुक्ति, सशक्त भारत निर्माण, पंचायत के समुचित विकास एवं जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा पंचायत में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। सभा को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंचायत स्तर पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही। ग्रामसभा के दौरान ग्रामीणों से पंचायत के विकास कार्यों को लेकर सुझाव एवं प्रस्ताव भी लिए गए। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत विभिन्न आवश्यकताओं से संबंधित विषयों को सामने रखा। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में बीडीओ, सीओ, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, स्वास्थ्य कर्मी, पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं कर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामसभा के माध्यम से पंचायत के विकास में जनभागीदारी बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
