November 3, 2026

महापर्व छठ का समापन श्रद्धा और भक्ति में डूबा रहा पूरा क्षेत्र

Read Time:3 Minute, 38 Second

डीएसपी,अंचल पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष, विभिन्न छठ घाटों पर निरीक्षण करते दिखे।

‌कुरसेला (राजशेखर जयसवाल)

लोक आस्था के महापर्व छठ का चौथा एवं अंतिम दिन आज श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा रहा। कटिहार जिले के कुरसेला प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु गंगा, कोसी व अन्य नदी घाटों पर जुटे और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय इस पर्व का विधिवत समापन किया।कुरसेला प्रखंड के खेरिया तीनघड़िया, कटरिया, कमलाकान्ही, देवीपुर तथा नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न घाटों, विशेषकर नेशनल हाईवे-31 किनारे स्थित छठ घाटों पर आस्था का सागर उमड़ पड़ा। घाटों पर “जय छठी मइया” और “सूर्य भगवान की जय” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और छठ गीतों की गूंज ने माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।प्रखंड प्रशासन द्वारा घाटों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। डीएसपी रंजन कुमार सिंह, अंचल पदाधिकारी अनुपम, थाना अध्यक्ष राकेश कुमार अपने दल-बल के साथ लगातार गश्त करते रहे। घाटों पर बेरिकेडिंग की गई थी, एसडीआरएफ टीम, गोताखोरों, नावों और एंबुलेंस सहित मेडिकल टीम को तैनात रखा गया था ताकि किसी अप्रिय घटना की संभावना न रहे।नगर पंचायत के बाघमारा स्थित छठ घाट पर श्री श्री 108 सार्वजनिक छठ पूजा समिति इंदिरा ग्राम द्वारा विगत 18 वर्षों से भव्य आयोजन किया जाता आ रहा है। इस वर्ष भी समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार (वार्ड पार्षद), संस्थापक अध्यक्ष सर्वेश कुमार, कोषाध्यक्ष किशोर साह, झींगो मंडल और जगन्नाथ मंडल एवं अन्य की देखरेख में विशाल आयोजन हुआ। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने यहां पहुंचकर छठ मईया से आशीर्वाद लिया।महिलाओं ने पारंपरिक सादगी और शुद्धता के साथ सूप में ठेकुआ, नारियल, केला, और अन्य प्रसाद रखकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। अर्घ्य अर्पण के साथ ही पूरे क्षेत्र में आस्था, अनुशासन और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हुए छठ व्रतियों ने परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।चार दिनों तक चले इस महापर्व के समापन के साथ ही श्रद्धालुओं के चेहरे पर संतोष और भक्ति की झलक साफ दिखाई दी। पूरे क्षेत्र में आस्था और अध्यात्म का माहौल छाया रहा।

Previous post लोक आस्था का महापर्व छठ अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया पहला अर्घ्य
Next post रेलवे सुरक्षा बल का विशेष जांच अभियान, कटिहार से पटना तक की गई संयुक्त निगरानी।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial