स्कूल में प्रधानाध्यापिका गायब, बच्चों के भोजन पर भी सवाल जिला परिषद के निरीक्षण में तारापुर प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्था को बताया कटघरे में।
मनोरंजन साहा (बारसोई)
बारसोई जिला परिषद क्षेत्र संख्या-26 के पंचायत शिवनंदपुर स्थित तारापुर प्राथमिक विद्यालय में जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम के औचक निरीक्षण से विद्यालय की व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल सामने आए। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापिका विद्यालय से अनुपस्थित मिलीं। वहीं, विद्यालय में मौजूद सहायक शिक्षकों ने बताया कि प्रधानाध्यापिका पिछले चार-पांच दिनों से स्कूल नहीं आ रही हैं और किसी अन्य शिक्षक को विधिवत पदभार भी नहीं सौंपा गया है।ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि चार-पांच दिनों से विद्यालय की प्रशासनिक जिम्मेदारी आखिर किसके भरोसे चल रही है? क्या बिना पदभार सौंपे लगातार अनुपस्थित रहना विद्यालय की व्यवस्था और बच्चों की पढ़ाई के साथ लापरवाही नहीं है?निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं ने NGO द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी जिला परिषद सदस्य के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। बच्चों की शिकायत सामने आने के बाद विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और उसकी निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम ने तत्काल इसकी जानकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बारसोई को दी। उन्होंने मांग की कि NGO द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था की जांच कर उसे बंद करते हुए विद्यालय परिसर में ही गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन तैयार कराने की व्यवस्था बहाल की जाए।इसके साथ ही गुलजार आलम ने प्रधानाध्यापिका के लगातार अनुपस्थित रहने तथा बिना किसी शिक्षक को पदभार सौंपे विद्यालय संचालन की स्थिति की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।जिला परिषद सदस्य ने कहा कि सरकारी विद्यालय केवल भवन नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के बच्चों के भविष्य की नींव हैं। बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और भोजन की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर विद्यालय की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।अब देखना यह है कि निरीक्षण में सामने आई इन शिकायतों पर शिक्षा विभाग जांच और कार्रवाई करता है या मामला महज शिकायत और आश्वासन तक सीमित रह जाता है।
