September 6, 2026

सेवानिवृत्त एडीएम के दो फर्जी पुत्र बनकर बिक्री करने पहुंचे, रिश्तेदारों के हत्थे चढ़े; पुलिस ने किया गिरफ्तार

Read Time:3 Minute, 27 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा) ब्यूरो चीफ

कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड के मनोहरपुर पंचायत में जमीन के फर्जी निबंधन का मामला सामने आया है। भागलपुर के गोविंदपुर निवासी स्वर्गीय गजाधर तिवारी, जो सेवानिवृत्त एडीएम थे, की खेती योग्य जमीन मनोहरपुर पंचायत के श्रीगंज क्षेत्र में स्थित है। इस जमीन पर दशकों से खेती, स्वर्गीय तिवारी के स्थानीय निवासी और उनके रिश्तेदारों के सहयोग से की जाती रही है। स्वर्गीय गजाधर तिवारी के दो वास्तविक पुत्र प्रेम प्रकाश तिवारी और वेद प्रकाश तिवारी हैं, जो क्रमश: भागलपुर और बेंगलुरु में रहते हैं।गोड्डा प्रखंड के चिलौना निवासी अवध किशोर और दुमका निवासी दयानंद ने फर्जी आधार कार्ड और वंशावली का सहारा लेकर प्रेम प्रकाश और वेद प्रकाश तिवारी के रूप में फर्जी पहचान बनाकर, मार्च में किसी माफिया के जरिए उक्त जमीन की बिक्री कर दी थी। पुनः सोमवार, 9 सितंबर को वे दोबारा बाकी बची जमीन की बिक्री करने के लिए पहुंचे थे।जमीन के संभावित क्रेताओं को संदेह होने पर उसने स्वर्गीय गजाधर तिवारी के रिश्तेदारों से संपर्क किया, जिससे खुलासा हुआ कि पूरा मामला फर्जीवाड़ा है। क्रेताओं और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से फर्जी पुत्र अवध किशोर और दयानंद को दबोच कर बानीपुर लाया गया। बाकी फर्जी टीम के सदस्य मौके से फरार हो गए। रिश्तेदारों द्वारा मिली सूचना पर पहुंची मनिहारी पुलिस ने दोनों आरोपियों को मनिहारी थाना लाया, जहां से कटिहार मुख्यालय पुलिस के निर्देश पर दयानंद और अवध किशोर को कटिहार पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शाहकुंड निवासी रजनीकांत पांडेय ने उन्हें निबंधन के लिए 40,000 रुपए देकर बुलाया था। स्वर्गीय गजाधर तिवारी के रिश्तेदार बानीपुर निवासी अशोक कुमार पांडेय की शिकायत पर कटिहार पुलिस ने दोनों फर्जी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, फर्जी टीम के सदस्यों ने क्रेताओं से लगभग 45 लाख रुपए तक वसूल लिए थे। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है।

Previous post मखाना चोरी करते तीन चोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Next post मनिहारी पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial