September 3, 2026

कब सुधरेगी सड़क और बिजली की व्यवस्था? भवानीपुर वार्ड-07 में ग्रामीणों ने उठाई आवाज

Read Time:4 Minute, 27 Second

मो0 सनाउल्लाह (बारसोई)

बारसोई प्रखंड के भवानीपुर पंचायत के वार्ड संख्या-07 में वर्षों से जर्जर पड़ी ग्रामीण सड़क और बिजली विभाग की कथित लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। वार्ड सदस्य मो. अंसार आलम की अध्यक्षता में ग्रामीणों ने आंदोलन कर विभाग और जनप्रतिनिधियों से समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।ग्रामीणों के अनुसार, वार्ड की ग्रामीण सड़क पिछले दो से तीन वर्षों से जर्जर है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और टूट-फूट के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और भी बदतर हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्या होने के बावजूद सड़क मरम्मत की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।वार्ड सदस्य मो. अंसार आलम ने कहा कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार ग्रामसभा में योजना रखी गई, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि जिला परिषद प्रतिनिधि आफताब ताज से भी कई बार संपर्क कर समस्या से अवगत कराया गया। उनके द्वारा पिछले कई महीनों से जल्द कार्य शुरू होने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।उन्होंने कहा कि “जनता की समस्या का समाधान नहीं होने के कारण अब मजबूर होकर मीडिया और अखबार का सहारा लेना पड़ रहा है।” वार्ड सदस्य ने संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की।बिजली व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगीग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। वार्ड सदस्य ने बताया कि क्षेत्र में बिजली की समस्या को देखते हुए लंबे समय से अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक मांग पूरी नहीं हुई।उन्होंने बताया कि पूर्व में 11 हजार वोल्ट का नंगा तार टूटने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन किया था। इसके बाद विभाग द्वारा पिलर लगाया गया, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार तार के साथ आवश्यक V-ब्रेकर एवं इंसुलेटर पिन लगाए बिना ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। वार्ड सदस्य का कहना है कि इस घटना को लगभग एक माह होने को है, लेकिन बिजली विभाग के कर्मियों ने अब तक अधूरे कार्य को पूरा नहीं किया है।ग्रामीणों ने कहा कि 11KV लाइन से जुड़े कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने बिजली विभाग से अधूरे कार्य को तत्काल पूरा करने, सुरक्षा उपकरण लगाने तथा अतिरिक्त ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की।आंदोलन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क और बिजली की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।आंदोलन में आलम, अब्दुस सलाम, सलमान, नियाज, कैप्टेन, मनवार, अबुल, मनाजिर, राजीब, सुलेमान, अकालू, हनीफ, रेजाउल, फारूक, गौतम, हैतान, आसाफुल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Previous post 2.5 लीटर विदेशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त
Next post मनिहारी में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म, पुलिस ने 18 वर्षीय आरोपी को 24 घंटे के अंदर दबोचा
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial