May 30, 2026

102 एम्बुलेंस कर्मियों की हड़ताल खत्म, कंपनी ने मानी तीन प्रमुख मांगें

Read Time:2 Minute, 30 Second

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

बिहार में पिछले पंद्रह दिनों से जारी 102 एम्बुलेंस कर्मियों की हड़ताल मंगलवार को समाप्त हो गई। कंपनी और कर्मियों के बीच हुई बातचीत में तीन प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद हड़ताल को वापस लेने का निर्णय लिया गया।जानकारी के मुताबिक, एम्बुलेंस कर्मियों ने लंबे समय से वेतन वृद्धि, कार्य समय के निर्धारण और सेवा शर्तों में सुधार की मांग उठाई थी। इसको लेकर 1 सितंबर से राज्य भर में 102 एम्बुलेंस सेवाएं ठप पड़ी थीं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। खासकर गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को निजी वाहनों पर निर्भर होना पड़ा।मंगलवार को कंपनी प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में समाधान का रास्ता निकला। कंपनी ने कुशल श्रमिकों के वेतन में वृद्धि की मांग को स्वीकार कर लिया है। यह संशोधित वेतनमान 1 अक्टूबर से लागू होगा। इसके अलावा, कार्य समय को लेकर भी कंपनी ने सकारात्मक पहल करने और जल्द स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया है।एंबुलेंस लेकर कुर्सेला पहुंचे ईएमटी मनीष कुमार ने बताया कि कंपनी के इस आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि प्रबंधन आगे भी कर्मियों की समस्याओं का समाधान समय पर करेगा।हड़ताल खत्म होने के साथ ही राज्य में 102 एम्बुलेंस सेवाएं फिर से बहाल हो गई हैं। इससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने भी उम्मीद जताई है कि अब एम्बुलेंस सेवाएं सुचारू रूप से चलेंगी और मरीजों को तत्काल सुविधा उपलब्ध होगी।

Previous post पूर्णिया एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट, कुरसेला निवासी बने पहले यात्री।
Next post पुलिस का पियंकरो पर कारवाई 13 लोग गिरफ्तार ।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial