October 20, 2026

कमला नदी की उपधारा में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत, पुल निर्माण की मांग।

Read Time:2 Minute, 38 Second

डेस्क(हसनगंज)

हसनगंज प्रखंड क्षेत्र के बलुआ पंचायत अंतर्गत बेरगाछी गांव निवासी 25 वर्षीय मो. मुख्तार आलम, पिता मो. शहीद की कमला नदी की उपधारा में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। बताया गया कि मो. मुख्तार आलम लकड़ियापार गांव से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कमला नदी की उपधारा पार करते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गया और डूब गया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। घटना के बाद ग्रामीणों में सड़क और पुल निर्माण को लेकर आक्रोश है। मुखिया कंतलाल मुर्मू, वार्ड सदस्य मो. मेंहदी, जन सुराज पार्टी के युवा नेता मो. नजमुल हक समेत ग्रामीणों ने कहा कि बलुआ-बेरगाछी मुख्य सड़क से लकड़ियापार जाने वाले मार्ग पर पुल नहीं होने के कारण लोगों को वर्षों से नदी की उपधारा पार करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि यहां पुल या सुरक्षित सड़क होती तो संभवत: यह हादसा नहीं होता। उन्होंने प्रशासन से जल्द पुल एवं सड़क निर्माण कराने की मांग की।बताया गया कि मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता दिव्यांग हैं और मृतक की करीब डेढ़ साल की बेटी है। उसकी मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। पत्नी रिजवाना खातून समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की है। थानाध्यक्ष निक्की ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सीओ कृष्ण मोहन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Previous post टे विद्युत पोल से हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने नया पोल लगाने की मांग की।
Next post 2.5 लीटर विदेशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial