May 31, 2026

कुर्सेला में ठनका से मौत मामले में पीड़ित परिवारों को मिला मुआवजा।

Read Time:2 Minute, 37 Second

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन ने राहत की कार्रवाई तेज़ी से की है। ज्ञात हो कि शनिवार को अचानक गिरी ठनका (वज्रपात) की चपेट में आने से तीन पशुपालकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और शोक की लहर दौड़ गई थी। मृतकों की पहचान कुरसेला प्रखंड के तीनघरिया गांव के रहने वाले पशुपालकों के रूप में हुई थी।इस घटना को लेकर जिला प्रशासन ने तत्काल बैठक कर मुआवजा देने की घोषणा की थी। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से निर्धारित प्रावधान के तहत प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये अनुग्रह राशि देने का निर्णय लिया गया था। सोमवार को इस दिशा में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी तीन मृतकों के परिजनों के बैंक खाते में चार-चार लाख रुपये की राशि हस्तांतरित कर दी।इसकी जानकारी अंचल पदाधिकारी (सीओ) सुश्री अनुपम ने दी। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर तक सभी तीनों पीड़ित परिवारों के खातों में सहायता राशि भेज दी गई है। प्रशासन की ओर से यह कदम ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से उठाया गया है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि आमतौर पर ऐसे मामलों में राहत राशि मिलने में काफी समय लग जाता है, लेकिन इस बार जिला प्रशासन ने त्वरित पहल कर पीड़ितों को राहत पहुंचाई है।उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में वज्रपात की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग ने भी ग्रामीण इलाकों में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर खेतों और खुले मैदान में बिजली कड़कने के समय पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

Previous post कुर्सेला पुलिस की कार्रवाई, पिकअप वाहन से 9 मवेशी बरामद, 4 पशु तस्कर गिरफ्तार।
Next post राजस्व अभियान को सफल बनाने को लेकर लगातार शिविरों का निरीक्षण किया जा रहा है सिओ अनुपम
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial