August 2, 2026

महानंदा के कटाव से मायामारी गांव में दहशत, विधायक मनोहर प्रसाद ने किया निरीक्षण, जल्द कार्रवाई का भरोसा

Read Time:2 Minute, 15 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा)

अमदाबाद प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत के मायामारी गांव में महानंदा नदी के लगातार हो रहे कटाव से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। नदी का कटाव तेजी से बढ़ने के कारण कई घरों और कृषि भूमि पर खतरा मंडरा रहा है। कटाव प्रभावित परिवारों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी कटाव निरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है।शनिवार को मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह मायामारी पहुंचे और कटाव प्रभावित क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं।निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक ने कहा कि महानंदा के कटाव की समस्या गंभीर है। इसे लेकर विभागीय अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं ताकि समय रहते प्रभावी कटाव निरोधी कार्य कराकर गांव और लोगों की जान-माल की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।वार्ड पार्षद शेख मौसम ने कहा कि यदि समय रहते कटाव नहीं रोका गया तो इसका असर अमदाबाद क्षेत्र पर भी पड़ेगा। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की पहल से जल्द कटाव पर नियंत्रण होगा और मायामारी गांव को राहत मिलेगी।

Previous post काफी हंगामादार रही प्रखंड सूत्रीय बैठक
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial