विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठे जिला पार्षद एवं अन्य ।
तनवीर आलम (हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड मुख्यालय समक्ष क्रिडा खेल मैदान में गुरुवार को प्रखंड के चौमुखी विकास 35 सूत्री मांगों को लेकर जिला पार्षद मो शाहिद अख्तर की अगुवाई में सैकड़ों ग्रामीणों ने एक दिवसीय भूख हड़ताल कर जिला प्रशासन को बिहार सरकार के खिलाफ और विभिन्न मांग को लेकर नारे लगाए। मौके पर प्रखंड सहित अन्य कई प्रखंडों के जनप्रतिनिधियों ने अपना समर्थन देते हुए भूख हड़ताल में शामिल हुए। जिला पार्षद मो शाहिद अख्तर ने बताया कि प्रखंड के जगरनाथपुर पंचायत के नया टोला गांव चांपी पुल समीप दो प्रखंड, दो विधानसभा, दो लोकसभा को जोड़ने वाली सड़क जो 2017 की बाढ़ में ध्वस्त हुई है, जिसका तकरीबन छह साल बितने के बावजूद सड़क का अबतक निर्माण कार्य नहीं हो सका है। जान जोखिम में डालकर दो प्रखंडों के लोग आवाजाही करने पर मजबूर हैं, लेकिन प्रशासन आंखों में पट्टी बांध मौन बरती हुई है। सिर्फ कागजों पर चल रहा है विकास का सारा खेल। बताया आज छह साल से लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने पर मजबूर हैं। आवाजाही दौरान अक्सर लोग घटना दुर्घटना के शिकार होते रहते हैं। बताया बरसात के समय पानी ज्यादा हो जाने पर ग्रामीण चंदा इकट्ठा कर बांस की चचरी का पुल बनाकर आवाजाही करते हैं। जिला परिषद शाहिद अख्तर ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर प्रखंड मुख्यालय से लेकर जिला मुख्यालय और बिहार सरकार तक पत्राचार करते करते थक गए हैं, पर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। जिसको लेकर आज मजबूरन हमें भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा। उन्होंने कहा कि तकरीबन पचास हजार की आबादी का यह प्रखंड है, जिसमें कई बुनियादी सुविधाओं से अभी लोग जूझ रहे हैं, बताया आज भी गांव की बच्चियों को कॉलेज पढ़ाई के लिए 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। अब तक हमारे प्रखंड में ग्रेजुएट कॉलेज का निर्माण नहीं हो सका है। यहां तक की मरीजों को समुचित स्वास्थ्य लाभ मिले इसको लेकर समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। जिला परिषद सदस्य ने जिला प्रशासन व बिहार सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण सहित अन्य सुविधाएं मुहैया नहीं कराई जाएगी तो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी किया जाएगा। साथ ही अपनी मांग को लेकर समाधान यात्रा के दौरान कटिहार पहुंचने पर सीएम नीतीश कुमार से ग्रामीणों के साथ मिलकर पुनः अपनी बात रखेंगे। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि गौतम कुमार, पूर्व उपप्रमुख मो अजीमुद्दीन, पूर्व पंचायत समिति प्रतिनिधि सदानंद तिर्की, वार्ड सदस्या नीरा देवी, जिला पार्षद प्राणपुर व पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि मनसाही सहित दर्जनों नेता व ग्रामीण मौजूद थे।
