August 25, 2026

काम पर नहीं गया तो छीन ली जिंदगी: चाकू के वार से युवक की मौत, भाई घायल; मां की गोद में पड़ा रहा बेटे का शव

Read Time:4 Minute, 36 Second

मो0 काजु (फलका)

पोठिया थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने ऐसा दर्दनाक मोड़ ले लिया, जिसने पूरे गांव को गम और आंसुओं में डुबो दिया। काम पर जाने से इनकार करने पर एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक की पहचान गनेश रविदास के रूप में हुई है। वहीं, घायल भाई त्रिलोक रविदास का इलाज फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।घायल त्रिलोक रविदास ने आरोप लगाया कि पंकज यादव का पुत्र सौरभ यादव उनके घर पहुंचा और गनेश रविदास को काम पर चलने के लिए कहा। गनेश ने किसी कारणवश उसके साथ जाने से मना कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सौरभ यादव ने गनेश के पेट में चाकू घोंप दिया। अपने भाई को बचाने पहुंचे त्रिलोक रविदास पर भी हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।परिजनों के अनुसार, खून से लथपथ गनेश रविदास को बचाने की हर कोशिश नाकाम रही और उसकी मौत हो गई। परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते खुशियों से भरा आंगन मातम में बदल गया।मां का दर्द देख नम हो गईं आंखेंघटना के बाद जो दृश्य सामने आया, उसने हर किसी का दिल दहला दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक की मां अपने जवान बेटे के शव को गोद में उठाकर पोठिया थाना पहुंची। वहां से अस्पताल भेजे जाने के बाद भी वह बेटे के निर्जीव शरीर को सीने से लगाए अस्पताल परिसर के बाहर धूप में बैठी रही।एक मां की गोद में अपने बेटे का शव देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। मां बार-बार बेटे को उठाने और पुकारने की कोशिश करती रही, लेकिन उसकी पुकार हमेशा के लिए खामोश हो चुके बेटे तक नहीं पहुंच सकी। यह मंजर देखकर आसपास खड़े लोग भी भावुक हो उठे।पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच मेंघटना की सूचना मिलते ही पोठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।पोठिया थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अनुसंधान के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और शोक दोनों देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि एक मामूली विवाद में एक परिवार का चिराग बुझ जाना बेहद दुखद है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पूरे गांव में गमगीन माहौल है। मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है, लेकिन मां की सूनी आंखें और परिवार की चीखें इस दर्दनाक घटना की भयावह कहानी बयां कर रही हैं।

Previous post 11.64 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, दो मोबाइल और ₹1500 बरामद।
Next post सावन माह में मेहंदी प्रतियोगिता से खिले बच्चों के चेहरे।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial