हसनगंज में वीबीजी राम जी योजना को लेकर बैठक, मनरेगा बंद होने की अफवाहों का खंडन।
डेस्क (हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड अंतर्गत मनरेगा भवन सभागार स्थित कार्यक्रम पदाधिकारी के कक्ष में शनिवार को कार्यक्रम पदाधिकारी अबू नसर फैजी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबीजी राम जी की प्रमुख विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में प्रखंड स्तरीय प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के संवाददाता, जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम पदाधिकारी अबू नसर फैजी ने स्पष्ट रूप से कहा कि मनरेगा योजना को बंद नहीं किया गया है, बल्कि नए नियमों के साथ विकसित भारत-जी राम जी योजना को लागू किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से इस संबंध में फैली अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छह सप्ताह की कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रथम सप्ताह में मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं योजना की रूपरेखा पर चर्चा की गई। द्वितीय सप्ताह में अधिकारी संरक्षण, संकल्प दिवस, समय पर कार्य पूर्णता, भुगतान, पारदर्शिता तथा श्रमिकों के बीच जागरूकता पर जोर दिया जाएगा। तृतीय सप्ताह में विकसित भारत ग्राम संवाद के तहत ग्राम स्तर पर योजनाओं, श्रमिक अधिकारों एवं भीम ऐप की जानकारी दी जाएगी। चतुर्थ सप्ताह में अहिंसा थीम पर आधारित विभिन्न आधिकारिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पंचम सप्ताह में नए अधिनियम पर चर्चा एवं पंचायत पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श होगा।छठे सप्ताह में विकसित भारत श्रमिक सम्मान कार्यक्रम तथा स्कूली बच्चों के साथ पेंटिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि जैसे मनरेगा योजना के तहत कार्य होते थे, वैसे ही वीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत भी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा। योजनाओं का चयन पंचायत स्तर से ही होगा, इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। योजना को और अधिक पारदर्शी और सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूर्व में मनरेगा के तहत जहां मजदूरों को 100 दिनों का रोजगार मिलता था, वहीं नए नियमों के तहत 125 दिनों की रोजगार गारंटी तथा बेहतर बेरोजगारी भत्ता का प्रावधान किया गया है। ग्राम पंचायत से पारित योजनाओं को पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जिससे दोहरीकरण से बचा जा सके।
