May 5, 2026

हसनगंज में भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने निकाला विजय जुलूस, मनाया जश्न

Read Time:3 Minute, 9 Second

(डेस्क|हसनगंज)

हसनगंज में पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत की खुशी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर जोरदार जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया, पटाखे फोड़े और झालमुढ़ी खाकर खुशी का इजहार किया। पूरे क्षेत्र में भाजपा जिंदाबाद और जय श्रीराम के नारों से माहौल गूंज उठा। मौके पर मंडल अध्यक्ष राजकुमार मंडल, मंडल महामंत्री गौतम कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने इस बार निर्णायक जनादेश देकर यह स्पष्ट कर दिया है कि देश की राजनीति अब विकास, सुशासन और सुरक्षा के मुद्दों पर केंद्रित हो रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि खासकर महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया और महिला सम्मान से जुड़े मुद्दों पर अपनी मजबूत राय दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय से तुष्टिकरण की राजनीति, अवैध घुसपैठ, कमजोर कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की कमी जैसे मुद्दों से जनता परेशान थी, जिसके चलते लोगों ने भाजपा के पक्ष में मतदान कर बदलाव का रास्ता चुना। उन्होंने यह भी कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विकासपरक नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता के विश्वास का परिणाम है। पश्चिम बंगाल की यह जीत न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के लिए संदेश है कि अब जनता जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर विकास, पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि तीन राज्यों में भाजपा सरकार बनाने जा रही है और यह जीत ऐतिहासिक एवं प्रचंड है। जश्न के दौरान कार्यकर्ता नाचते-गाते नजर आए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी साझा की। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव, ज्योतिष कांत कुंअर, महेंद्र मंडल, अजय अग्रवाल, मुकेश यादव, पप्पू मंडल, विकास विश्वास, चंदन शर्मा, सुशील मंडल, राकेश मंडल, रंजीत शाह, पंचानंद ठाकुर, दिलीप मंडल, हरदेव मंडल, रंजीत सिंह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Previous post मनिहारी SDH में सी-सेक्शन सेवा की शुरुआत, चिकित्सकों की टीम ने सुरक्षित प्रसव कराया
Next post पूरब टोला ढेरुआ गांव में एक बच्चे की डूबने से हुई मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial