November 6, 2026

बिजली में कटौती से उपभोक्ताओं में आक्रोश चैंबर ने जताई नाराजगी।

Read Time:3 Minute, 34 Second

सुधार को लेकर चैम्बर ने कार्यपालक अभियंता को लिखा पत्र ।

(बारसोई | मनोरंजन साहा)

नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने कटिहार के विद्युत कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखकर अनियमित बिजली आपूर्ति में अविलम्ब सुधार की मांग की है और कहा कि बिजली में कटौती से उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है| चैम्बर अध्यक्ष सह विधान पार्षद अशोक अग्रवाल के निर्देश पर लिखे गए पत्र की जानकारी देते हुए महासचिव भुवन अग्रवाल ने बताया कि इससे सम्बंधित पत्र का जवाब देते हुए कार्यपालक अभियंता ने अपने पत्रांक- 1420 दिनांक- 05/06/2025 में कब से कब तक और किस क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही, को लेकर पूर्ण विवरणी की मांग की गयी है| महासचिव ने अपने जवाबी पत्र में कहा है कि बिजली आपूर्ति से सम्बंधित सारा तंत्र विभागीय कार्यालय में स्थित और इसका पूर्ण विवरणी भी कार्यालय में ही उपलब्ध होगा| इसके पूर्व दिए गए पत्र का हवाला देते हुए बताया कि श्यामा टॉकीज रोड में अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर व्यवसायियों के आवेदन पत्र को भी कार्यपालक अभियंता को भेजा गया है| पत्र में कहा गया है कि मेन्टेनेन्स के नाम पर इंडस्ट्रियल एरिया के फेज न. 1 फेज न. 2 से बिजली की आपूर्ति 5 से 7 बार ट्रीप होती है| इंडस्ट्रियल एरिया से ही इस भीषण गर्मी में भी करीब-करीब हर रोज मेन्टेनेन्स के नाम पर एक-एक घंटे बाधित कर बिजली आपूर्ति की जा रही है जो कई दिनों से लगातार जारी है| इसकी आधिकारिक जानकारी भी सम्बंधित विभागीय पदाधिकारियों को जाती है| इतना ही नहीं, लोड के अनबैलेंस होने से बराबर ट्रांसफार्मर का फेज उड़ता रहता है| इसकी जांच करवाकर तीनों फेज में बराबर लोड बांट दिए जाने से इस समस्या से निजात मिल सकती है| स्थानीय व्यवसायियों ने बताया कि सम्बंधित कार्यालय या पदाधिकारी से सम्पर्क करने पर सही जवाब नहीं मिलने की भी शिकायत की गयी है| कई बार तो फोन उठाकर बिना कोई उत्तर दिए हटाकर रख दिया जाता है| इस भीषण गर्मी में खासकर व्यवसायियों की समस्या को देखते हुए बिजली आपूर्ति में सुधार को लेकर कारगर कदम उठाने की मांग की गयी है ताकि विभाग के प्रति उपभोक्ताओं में बढ़ते आक्रोश को कुछ हद तक कम किया जा सके| अन्यथा, किसी भी अप्रिय घटना के लिए विभागीय अधिकारी जिम्मेवार होंगे|

Previous post गांव में क्रिकेट खेलते- खेलते रवि कुमार साह छात्र नेता के रूप में उभरा
Next post दो गांजा तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार ।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial