August 14, 2026

कटिहार में रसोइया संघ का धरना-प्रदर्शन, 21 हजार रुपये मानदेय और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी का दर्जा देने की मांग

Read Time:2 Minute, 24 Second

( बारसोई । मो0 सनाउल्लाह )

बिहार राज्य विद्यालय रसोइया संघ के आह्वान पर सोमवार को कटिहार समाहरणालय के समक्ष रसोइया संघ ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान रसोइयों ने अपनी 17 सूत्री मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व संघ के राज्य उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष कॉमरेड मो० मूसा ने किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में कार्यरत बड़ी संख्या में रसोइया शामिल हुए।संघ की प्रमुख मांगों में रसोइयों को चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी का दर्जा देने तथा मानदेय बढ़ाकर 21 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग शामिल है। संघ के नेताओं ने कहा कि रसोइया विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उचित मानदेय और अन्य आवश्यक सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है।संघ के नेताओं ने बिहार सरकार से रसोइयों की सभी 17 सूत्री मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से रसोइया अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है।मो० मूसा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया, तो जिले के सभी रसोइया एकजुट होकर आगे बड़ा आंदोलन करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर पटना में भी आंदोलन किया जाएगा।धरना-प्रदर्शन के दौरान संघ के मो० मूसा, मो० सईद, विभिन्न प्रखंड अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे

Previous post भासना धार में डूबे किसान के घर पहुंचे तारकिशोर प्रसाद
Next post मधुमक्खियों का आतंक, कई लोगों को काटने के बाद अनुमंडल अस्पताल में कराया गया इलाज
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial