नशे की रोकथाम और महिला सुरक्षा को लेकर विधानसभा की बैठक में विधायक संगीता देवी ने उठाई आवाज
(डेस्क| बारसोई)
बलरामपुर विधायक श्रीमती संगीता देवी आज बिहार विधानसभा के विस्तारित भवन में महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति माननीय श्रीमती अश्वरमेद देवी की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुईं। बैठक में युवाओं और नाबालिगों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा महिलाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर एवं सार्थक चर्चा हुई।बैठक के दौरान विधायक संगीता देवी ने कहा कि वर्तमान समय में नशे की समस्या समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। कम उम्र के बच्चे और नाबालिग भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे उनके भविष्य के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने और युवाओं को इससे दूर रखने के लिए जागरूकता एवं रोकथाम के ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।विधायक ने महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को भी बैठक में प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए समान अवसर मिलना जरूरी है। महिलाओं के प्रति सोच में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।श्रीमती संगीता देवी ने महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति के समक्ष इन महत्वपूर्ण समस्याओं को मजबूती से रखते हुए इनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की मांग की। बैठक में संबंधित मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई और समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल का आश्वासन मिला।विधायक ने उम्मीद जताई कि नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान, महिलाओं की सुरक्षा तथा बच्चों के संरक्षण को लेकर सरकार और प्रशासन की ओर से ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि समाज में सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण बनाया जा सके।
