किराना दुकान की आड़ में चल रहे नौशादर गोली के अवैध कारोबार का भंडाफोड़
72 बोरी प्रतिबंधित नशादर बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुरसेला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अंतर्गत अयोध्या गंज बाजार में मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किराना दुकान की आड़ में चल रहे नौशादर गोली के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 72 बोरी नौशादर गोली बरामद की है, जिसका कुल वजन लगभग 18 सौ किलोग्राम बताया जा रहा है।

इस मामले में किराना व्यवसायी अजय गुप्ता एवं उनके पुत्र सुमित गुप्ता , निवासी पुरानी बाजार खेरिया, को गिरफ्तार किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुरसेला थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अयोध्या गंज बाजार स्थित एक बड़े किराना दुकान के माध्यम से नौशादर गोली का अवैध कारोबार लंबे समय से किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में दरोगा बीपीन कुमार, दीपक कुमार सिंह एवं पुलिस बल ने संबंधित किराना दुकान पर छापेमारी की।प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने दुकान से जुड़े गोदाम में सघन छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में नौशादर गोली का 72बोरी बरामद की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध कारोबार में संलिप्त अजय गुप्ता एवं उनके पुत्र सुमित गुप्ता को हिरासत में लेकर कुरसेला थाना लाया।स्थानीय लोगों के अनुसार, नशादर गोली का उपयोग दियारा एवं बहियार क्षेत्रों में महुआ शराब एवं अन्य नशीले पदार्थ बनाने में किया जाता है। वहीं किराना दुकान के आड़ में अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा था।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अयोध्या गंज बाजार सहित पूरे कुरसेला बाजार में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस किराना दुकान के पीछे नौशादर का अवैध कारोबार चल रहा था, लेकिन अब जाकर पुलिस की सख्त कार्रवाई सामने आई है।थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ नौशादर की अवैध बिक्री एवं गोदाम में अवैध भंडारण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपी अजय गुप्ता व उनके पुत्र सुमित गुप्ता को न्यायिक हिरासत में कटिहार जेल भेजा जाएगा।
