July 20, 2026

बरारी में प्रशासन को चुनौती देकर अपराधियों ने किया ताबड़तोड़ गोलीबारी । 15 वर्षीय नाबालिग लड़की हुई घायल। गांव में मचा हड़कंप

Read Time:3 Minute, 8 Second

बरारी ( सुमन सोनी)

बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर पंचायत के बड़ी भैसदियरा गांव में शनिवार की देर रात प्रतिशोध की भावना से अपराधियों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई। इस घटना में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल व्याप्त है।प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी निरंजन राय ने बताया कि शनिवार की रात करीब 11 बजे दो की संख्या में हथियारबंद अपराधी उनके घर पहुंचे और अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान डर के मारे घर से बाहर भाग रही उनकी पोती 15 वर्षीय दीपिका कुमारी के बाएं हाथ की कोहनी में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।राधे चौकीदार ने बताया कि उनका पूर्व में तूफानी यादव से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में तूफानी यादव अपने दो साथियों के साथ उनके घर पहुंचा था। अपराधी उनके पुत्र की तलाश कर रहे थे और घर के लोगों को जबरन जगा कर पूछताछ कर रहे थे। जब परिवार के लोगों ने उनके पुत्र के बारे में जानकारी देने से इनकार किया तो अपराधियों ने लगातार गोलीबारी शुरू कर दी।घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके तुरंत बाद डीएसपी रंजन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घायल नाबालिग लड़की को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि यह घटना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस घटना के बाद बड़ी भैसदियरा गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

Previous post पिकअप की ठोकर से साइकिल सवार रेफर।
Next post मनिहारी में ट्रक हादसा: आदिवासी युवक की मौत, पत्नी गंभीर, तीन घंटे से सड़क जाम
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial