September 14, 2026

कोताहार स्कूल भवन निर्माण की जांच में खुली गुणवत्ता की पोल, JEE बोले तोड़कर नए सिरे से बनेगा भवन

Read Time:6 Minute, 55 Second

मो0 सनाउल्लाह (बारसोई)

बारसोई प्रखंड के उच्च मध्य विद्यालय कोताहार में निर्माणाधीन नए भवन की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के विरोध के बाद आखिरकार जांच की गई। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए पहले ही काम रुकवा दिया था। मामले को जन जागरण संदेश ने प्रमुखता से उठाते हुए जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे। खबर सामने आने के बाद सोमवार को भवन निर्माण स्थल पर जांच कमिटी गठित कर निरीक्षण किया गया।जांच के दौरान JEE रुपेश कुमार, भवन निर्माण से जुड़े ठेकेदार, ग्रामीण एवं विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों की मौजूदगी में निर्माणाधीन भवन के स्ट्रक्चर और इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की जांच की गई। ग्रामीणों का दावा है कि जांच में उनके द्वारा लगाए गए गुणवत्ता संबंधी आरोप सही पाए गए।निरीक्षण के बाद JEE रुपेश कुमार ने आश्वासन दिया कि भवन का स्ट्रक्चर एवं निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ताहीन हिस्से को तोड़कर भवन का निर्माण नए सिरे से कराया जाएगा। *हेडमास्टर के बयान से उठे गंभीर सवाल* मामले में विद्यालय के हेडमास्टर का बयान भी चर्चा में रहा। हेडमास्टर ने कहा कि उन्होंने भवन निर्माण कार्य पर कभी ध्यान नहीं दिया। उनके अनुसार, उन्हें केवल फोन के माध्यम से निर्माण की जानकारी दी गई थी और निर्माण कार्य की अन्य जानकारी उन्हें नहीं थी।हेडमास्टर ने यहां तक कहा कि वे भवन निर्माण के ठेकेदार और JEE को भी नहीं पहचानते। उन्होंने बताया कि एक बार BDO साहब का फोन आया था और उनके आदेश पर उन्होंने भवन निर्माण कार्य में कोई दखल नहीं दिया।हेडमास्टर के इस बयान के बाद सवाल उठ रहा है कि विद्यालय परिसर में सरकारी राशि से भवन का निर्माण हो रहा था, तो उसकी निगरानी और निर्माण की जानकारी रखने की जिम्मेदारी किसकी थी? *शिक्षा समिति अध्यक्ष भी बोले— हमें नहीं दी गई जानकारी* मौके पर मौजूद विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष ने भी कहा कि भवन निर्माण की जानकारी उन्हें किसी की ओर से नहीं दी गई थी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि न तो हेडमास्टर ने उन्हें निर्माण कार्य के संबंध में बताया और न ही किसी अन्य माध्यम से उन्हें इसकी जानकारी मिली। *अध्यक्ष के अनुसार,* जब ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गड़बड़ी देखी तो उन्होंने इसका विरोध किया, काम रुकवाया और पूरे मामले की जांच की मांग की। *सरपंच प्रतिनिधि बोले* —तोड़ने के बाद ही होगा भरोसासरपंच प्रतिनिधि मो. आरिफ ने कहा कि JEE ने गुणवत्ताहीन निर्माण को तोड़कर नए सिरे से भवन बनाने का आश्वासन दिया है। लेकिन ग्रामीणों को भरोसा तभी होगा, जब वास्तव में गुणवत्ताहीन हिस्से को तोड़कर नए सिरे से निर्माण शुरू किया जाएगा। *समाजसेवी मो. रागिब ने भी उठाए सवाल* समाजसेवी मो. रागिब ने कहा कि उन्होंने पहले भी भवन निर्माण को लेकर हेडमास्टर से जानकारी मांगी थी। उस समय हेडमास्टर ने उन्हें कहा था कि उन्हें मामले की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अब जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और हेडमास्टर के बयान से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। *ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही और मिलीभगत का आरोप* वहीं, ग्रामीणों ने विद्यालय के हेडमास्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निर्माण से जुड़े लोगों के साथ मिलीभगत की भी आशंका जताई। हालांकि, मिलीभगत के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की निगरानी की जाती तो कथित गुणवत्ताहीन निर्माण पर सरकारी राशि खर्च होने से पहले ही गड़बड़ी सामने आ सकती थी।ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जाए, निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता की जांच हो और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही भवन का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।मौके पर अब्बास, अफाक, वारिस, अस्तुल्लाह, पूर्व मुखिया नजीरुद्दीन, मंगला, असारुल, इमदाद, शमीम, सज्जाद, कलवा, मुकसेद, नस्टर, शोहराप, अंसार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।जांच में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल सामने आने के बाद अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि गुणवत्ताहीन निर्माण को कब तक तोड़ा जाता है, नए निर्माण की निगरानी कौन करेगा और कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी?

Previous post मनसाही प्रखंड के कई पंचायतों में घुसा बाढ़ का पानी, सांसद प्रतिनिधि ने चित्तौड़िया पंचायत पहुंच कर लिया जायजा।
Next post बारसोई में बिजली समस्या दूर करने की कवायद, नए PSS का इसी सप्ताह होगा टेंडर
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial