जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन, डीएम ने ग्रामीणों से किया संवाद
रतन कुमार ओझा (मनिहारी)
राज्य के सभी प्रखंडों में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। गुरुवार को मनिहारी के कुमारी पूर पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन के प्रांगण में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। खचाखच भरे माहौल में ज्योंहि जिलाधिकारी रवि प्रकाश अपने सहयोगी व अधीनस्थ पदाधिकारी के साथ मंच पर पहुंचे, इंद्र भगवान ने दस्तक दे दी और मूसलाधार वर्षा का प्रारंभ हो गया। इसके बावजूद जनमानस वर्षा का सामना करते हुए योजनाओं की जानकारी लेने में डटे रहे।कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार, डीडीसी, एडीएम, सिविल सर्जन सहित जिले के समस्त विभागीय पदाधिकारीयों ने अपने-अपने विभागों में चल रही जन कल्याणकारी योजनाओं से जनमानस को अवगत कराया। संवाद कार्यक्रम में पीएम आवास योजना, जल नल योजना, मनरेगा, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, राशन कार्ड, कल्याण, श्रम प्रवर्तन, छात्रवृत्ति, आंगनबाड़ी, राजस्व संबंधी जानकारी दी गई।जिलाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने बताया कि यह जन संवाद पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सेतु का काम कर रही है। इस कार्यक्रम के माध्यम से जनता और पदाधिकारी का सीधे एक दूसरे से रूबरू होने का मौका मिला है, साथ ही पदाधिकारी भी ग्रामीणों के समस्याओं से ऑन द स्पॉट अवगत हो रहे हैं ताकि समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके। इस अवसर पर मनिहारी अनुमंडल पदाधिकारी कुमार सिद्धार्थ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार, वीडियो रणधीर कुमार, अंचल पदाधिकारी राजेश रंजन, राजस्व पदाधिकारी विवेक आनंद सहित प्रखंड प्रमुख श्रवण साह, जिला पार्षद सुमती देवी, मुन्ना सिंह, स्थानीय प्रतिनिधि सहित गणमान्य लोग उपस्थित थे।
