November 5, 2026

कुरसेला में एनडीए कार्यकर्ताओं ने रोकी बसें, बाजार किया बंद

Read Time:2 Minute, 42 Second

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में कांग्रेस नेता के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित तौर पर मां की गाली दिए जाने के खिलाफ गुरुवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने बिहार बंद का आह्वान किया। इस बंद का व्यापक असर कटिहार जिले के कुरसेला प्रखंड में देखने को मिला। सुबह से ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और अन्य सहयोगी दलों के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए।एनडीए कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे-77 पर बसों और अन्य वाहनों को रोक दिया। कई जगहों पर कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, बाजार क्षेत्र में भी कार्यकर्ताओं ने दुकानों को बंद कराया। हाथों में पार्टी का झंडा लिए कार्यकर्ता जगह-जगह घूमते नजर आए और कांग्रेस तथा राजद नेताओं के खिलाफ कड़ा विरोध जताया। घंटो तक बंद का असर देखने को मिला। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही और कई बसें तथा निजी वाहन जाम में फंसे रहे। हालांकि बाद में एनडीए कार्यकर्ताओं ने यात्रियों को देखते हुए वाहनों को धीरे-धीरे जाने दिया।एनडीए नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर अपमानजनक टिप्पणी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं ने मर्यादा की सारी सीमाएं तोड़ दी हैं, जिसका जवाब जनता सड़क से लेकर विधानसभा तक देगी।स्थानीय स्तर पर बंद शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पुलिस प्रशासन भी लगातार गश्त पर रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखा। कुल मिलाकर, एनडीए के बिहार बंद का कुरसेला में व्यापक असर दिखा और लोग विपक्षी दलों की टिप्पणी को लेकर आक्रोशित दिखे।

Previous post कोसी पुल से युवक ने लगाई गंगा में छलांग, तलाश जारी.
Next post ग्वालटोली से कुसिधा सड़क चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ी पहल।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial