June 19, 2026

माघ पूर्णिमा पर मनिहारी गंगा तट बना आस्था का सागर, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पवित्र डुबकी

Read Time:2 Minute, 42 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा)

माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को मनिहारी गंगा तट आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बना। अहले सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और मध्यान्ह तक लाखों श्रद्धालुओं को गंगा में पवित्र स्नान करते देखा गया। हजारों श्रद्धालु तो शनिवार की शाम से ही मनिहारी गंगा तट और आसपास के क्षेत्रों में पहुंच चुके थे, जिन्होंने पूरी रात स्नान के शुभ मुहूर्त का इंतजार किया और रविवार की सुबह आस्था की डुबकी लगाई।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अनुमंडल एवं नगर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गंगा तट और शहर के विभिन्न प्रवेश बिंदुओं पर चेकपोस्ट बनाए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़ नियंत्रण को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष रोड मैप तैयार किया गया था। चारपहिया वाहनों के लिए शहर के मुख्य मार्गों पर प्रतिबंध लगाया गया, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहनों को कुटी घाट के रास्ते भेजा जाता रहा।गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर प्रशासन द्वारा गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बांस की बैरिकेडिंग की गई थी। स्नान के उपरांत श्रद्धालु गंगा तट के समीप आयोजित यज्ञ में दर्शन करते हुए परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते नजर आए।हालांकि, भीड़ के बीच चेन स्नेचिंग की कुछ घटनाएं भी सामने आईं, जिसको लेकर पुलिस प्रशासन और यज्ञ कमिटी के सदस्य सक्रिय दिखे तथा स्नेचरों की खोजबीन की जाती रही। कुल मिलाकर माघ पूर्णिमा पर मनिहारी गंगा तट पर श्रद्धा और प्रशासनिक व्यवस्था का संतुलित दृश्य देखने को मिला।

Previous post माघ पूर्णिमा पर समाजसेवी प्रमोद ने किया खिचड़ी वितरण, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
Next post जन्मदिन पर छात्रों की पहल, मनाया गया ‘पर्यावरण वाली दीदी दिवस
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial