September 6, 2026

फलका बाजार में टायर ब्लास्ट, गैरेज कर्मी गंभीर रूप से घायल

Read Time:2 Minute, 16 Second

मो0 काजु (फलका)

फलका बाजार में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर ट्रॉली के टायर में हवा भरने के दौरान अचानक टायर फटने से एक गैरेज कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा गांव निवासी गुलशन कुमार ठाकुर (25 वर्ष) फलका बाजार स्थित अपने जीजा गुड्डू कुमार की बाइक गैरेज में काम कर रहे थे। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वे एक ट्रैक्टर ट्रॉली के टायर में हवा भर रहे थे। इसी दौरान अचानक टायर तेज धमाके के साथ फट गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग सहम गए और कुछ देर के लिए बाजार में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। ब्लास्ट की चपेट में आने से गुलशन गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फलका पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि घायल युवक की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।घटना के बाद क्षेत्र के गैरेज संचालकों और वाहन चालकों के बीच सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों के टायरों में हवा भरते समय सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Previous post अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में मातम।
Next post मनिहारी में भैंस चोरी का विरोध करने पर किसान की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial