लक्ष्मण ग्रामीण कोचिंग सेंटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नशा व दहेज प्रथा के खिलाफ छात्रों ने दिया संदेश।
(डेस्क | बारसोई)
बारसोई प्रखंड अंतर्गत बिघौर पंचायत स्थित लक्ष्मण ग्रामीण कोचिंग सेंटर में 15 अगस्त के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नाटक और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नशा, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संदेश दिया। साथ ही शिक्षा के महत्व और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन बिघौर थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि के रूप में बलरामपुर विधायक श्रीमती संगीता देवी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र रोहित कुमार दास को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। रोहित ने 463 अंक प्राप्त कर कटिहार जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। विधायक ने उन्हें रेंजर साइकिल देकर सम्मानित किया।विधायक संगीता देवी ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने बच्चों से मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई कर आगे बढ़ने की अपील की।थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने भी कोचिंग सेंटर के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को प्रतियोगी माहौल और बेहतर मार्गदर्शन मिलना जरूरी है। उनकी कामना है कि यहां से पढ़कर बच्चे आगे चलकर आइएएस, आइपीएस समेत विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर पहुंचकर गांव और देश का नाम रोशन करें।60 में 50 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्णकोचिंग सेंटर के निदेशक लक्ष्मण कुमार नूनिया ने बताया कि संस्थान की शुरुआत वर्ष 2012 के आसपास हुई थी। इस वर्ष यहां से 60 विद्यार्थियों ने मैट्रिक की परीक्षा दी, जिसमें 50 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी, आठ द्वितीय श्रेणी और दो विद्यार्थी तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। उन्होंने बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम को सफल बनाने में कोचिंग सेंटर के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की अहम भूमिका रही। शिक्षिकाओं में शबाना खातून, कुसुम राय, संगीता राय, माला कुमारी, असमीना खातून और मानोसी पाल तथा शिक्षक मसीहुल्लाह, संपत राय, करण पाल, सरवन कुमार, डॉ. मो. सनाउल्लाह, संदीप कुमार और तापस कुमार ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में बारसोई प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मो. जिन्ना, एहसान समिति मोहम्मद सगीर सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद अंनजार जदयू प्रखंड अध्यक्ष गौतम मोदक, जदयू जिला उपाध्यक्ष तनवीर आलम, जदयू नेता अमल गोस्वामी, मनोज साहा, प्रदीप साहा, समाजसेवी एवं युवा नेत्री सीमा उमेश यादवने विद्यार्थियों को संबोधित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
