स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों के साथ हुईं बैठक ।
तनवीर आलम (हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड के जगरनाथपुर पंचायत स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महमदिया में अस्पताल की समुचित देख भाल, विधि व्यवस्था व प्रांगण में माल मवेशी बांधने सहित उपद्रवी लोगों द्वारा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने को लेकर ग्रामीणों की एक बैठक किया गया। बैठक की अध्यक्षता आयुष चिकित्सक डाक्टर अरुण कुमार ने किया। बैठक में मौजूद ग्रामीणों की उपस्थिति में कई बिंदुओं पर प्रस्ताव भी लिया गया। आयुष चिकित्सक डॉ अरुण कुमार ने बताया कि आए दिन अस्पताल प्रांगण में कुछ लोगों द्वारा पालतू मवेशी बांध दिया जाता है। जिसको लेकर अस्पताल संचालन में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। साथ ही बीते दिनों कुछ उपद्रवी लोगों द्वारा खिड़की का शीशा सहित फर्श व अस्पताल के पिछे बने शौचालय की टंकी को तोड़ दिया गया है। इन सभी बिंदुओं को लेकर अस्पताल प्रांगण में ग्रामीणों की बैठक आहूत कर विभिन्न समस्याओं पर ग्रामीणों का ध्यान केंद्रित कराया गया। साथ ही बैठक में पूर्व जनप्रतिनिधि व गणमान्य ग्रामीण की उपस्थिति में कई बिंदुओं पर प्रस्ताव लिए गए, जिसमें ग्रामीणों से अनुरोध किया गया कि अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महमदिया में मवेशी नहीं बांधे। मवेशी बांधने से उनके मल मूत्र से गंदगी फैलती है। भविष्य में ऐसा करने पर उक्त लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रस्ताव लिया गया कि अस्पताल में अतिक्रमण को रोकने हेतु थाना से अनुरोध किया जाए कि संध्या गस्ती के समय अस्पताल का निरीक्षण करें, ताकि उपद्रवी लोग द्वारा तोड़फोड़ से अस्पताल बच सके। साथ ही सभी ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने यह प्रस्ताव लिया कि अस्पताल में रात्रि प्रहरी की व्यवस्था की जाए। मौके पर मौजूद मुखिया प्रतिनिधि से अस्पताल में चारदीवारी की व्यवस्था पंचायत स्तर पर की जाने का अनुरोध किया गया। ताकि सरकार की संपत्ति सुरक्षित बचा रहे। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख मनोज मंडल, मुखिया प्रतिनिधि हृदय नारायण उरांव, जीएनम मनोज कुमार, रघुनाथ मंडल, सुरेश मंडल सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
