April 30, 2026

भगवानपुर के कांग्रेस विधायक ममता राकेश के पुत्र, पुत्री समेत कईयों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की

Read Time:5 Minute, 9 Second

*हरिद्वार – संवाददाता अनुज तिवारी

जिला पंचायत में विपक्षविहीन बोर्ड तैयार करने में जुटी भाजपा ने बसपा के बाद कांग्रेस में भी बड़ी सेंधमारी की है। रविवार को भाजपा जिला कार्यालय पर बड़ी संख्या में जिपं, बीडीसी सदस्यों के अलावा ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता लेने वालों में भगवानपुर से बीडीसी पद पर निर्वाचित कांग्रेस विधायक ममता राकेश की पुत्री आयुषि राकेश और पुत्र कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अभिषेक राकेश भी शामिल हैं।त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा ने अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य गठन के बाद पहली बार स्पष्ट बहुमत जुटाकर भाजपा न केवल अपना बोर्ड बनाने जा रही है, बल्कि विपक्षविहीन बोर्ड तैयार करने में जुटी है। शुक्रवार को जहां बसपा के एक और पांच निर्दल जिपं सदस्य पार्टी में शामिल हुए, वहीं शनिवार को सात निर्दल सदस्यों ने भाजपा का दामन थामा। इसके बाद रविवार को चार और जिपं सदस्य पार्टी में शामिल हुए। इनमें नगला कुबड़ा सीट से निर्दल अनिता देवी, मजाहिदपुर सतीवाला से आप समर्थित अंजू देवी, दरियापुर दयालपुर से निर्दल फरहीन और भंगेड़ी महावतपुर से निर्दल खुर्शीदा शामिल हैं।भाजपा में शामिल होने वाले बीडीसी सदस्यों में भगवानपुर से आयुषि राकेश के अलावा पुहाना से निर्दल इमरान, पाडली से कांग्रेस समर्थित आमिर अली, बढ़ेड़ी राजपुतान से निर्दल तुलाराम राव, किशनपुर से कांग्रेस समर्थित दिलशाद, खानपुर से कांग्रेस समर्थित नीतीश चौधरी शामिल हैं। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों में पुहाना के ग्राम प्रधान युनूस, झांगामजरी से इकबाल और पाडली गेंदा से अखलाक शामिल हैं। भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस पदाधिकारियों में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और भगवानपुर विस क्षेत्र से कांग्रेस विधायक ममता राकेश के पुत्र अभिषेक राकेश के अलावा यूथ कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री मनीष चौधरी और उत्तराखंड किसान कांग्रेस और खानपुर विस के प्रभारी अमित कुमार शामिल हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद डा रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह चौहान आदि ने सबको पार्टी की सदस्यता दिलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बधाई देते हुए कहा कि भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर जिन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है, उन्हें वह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि उसे भाजपा की प्रदेश सरकार शत-प्रतिशत पूरा करेगी।पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता का परिचायक है कि आज बसपा, कांग्रेस और निर्दलीय जीते कई प्रत्याशियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष नीरू देवी, विधायक आदेश चौहान, विधायक प्रदीप बत्रा ,विधायक खजान दास, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, मास्टर सत्यपाल सिंह, राजपाल सिंह, डा मधु सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अमरीश गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के संयोजक कुलदीप कुमार, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स, जिला महामंत्री विकास तिवारी आदि उपस्थित रहे।

Previous post ग्रामीण क्षेत्रों में हो खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के आयोजन —- खेलगुरु बृजरत्न अशोक शेखर
Next post राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की मनाई जयंती
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial