गवालटोली-कुशीदा मुख्य सड़क बनी जानलेवा, ओवरलोड वाहनों के आवागमन से सड़क हो रहे हैं कमजोर।
मो0 सनाउल्लाह (बारसोई)
बारसोई प्रखंड अंतर्गत ग्वालटोली से कुशीदा जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों हादसों का पर्याय बनती जा रही है। आए दिन इस सड़क पर बड़े वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से लोगों की जान पर खतरा बना हुआ है।बताया जा रहा है कि दो दिन पहले इसी सड़क पर एक 18 चक्का ट्रक गड्ढे में गिरकर पलट गया था। हादसे में ट्रक के चालक और खलासी घायल हो गए थे। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।वहीं, मंगलवार की सुबह भी इसी सड़क पर एक 16 चक्का वाहन सड़क से नीचे उतर गया। इस घटना में चालक को हल्की चोट लगने की जानकारी है। किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क बिहार और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी रास्ते से कटिहार से मालदा और आगे कोलकाता की ओर बड़े-बड़े मालवाहक वाहन आवागमन करते हैं। लेकिन सड़क सिंगल होने और जगह-जगह गड्ढे होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।स्थिति यह है कि यदि कोई व्यक्ति सड़क पर पैदल चल रहा हो और सामने से कोई बड़ा वाहन आ जाए, तो उसे अपनी जान बचाने के लिए सड़क किनारे खेत में उतरना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग अब सामान्य सड़क नहीं बल्कि लोगों के लिए जानलेवा रास्ता बन चुका है।ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के चौड़ीकरण और मरम्मत को लेकर कई बार आंदोलन किया गया, कई बार समाचार प्रकाशित हुए और प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान भी आकृष्ट कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।लोगों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों द्वारा बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद इस महत्वपूर्ण सड़क की समस्या पर ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि उगवाल टोली-कुशीदा मुख्य सड़क की अविलंब मरम्मत और चौड़ीकरण कराया जाए, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लग सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।
