August 19, 2026

पुल बनकर तैयार, लेकिन दोनों ओर मिट्टी नहीं भरने से आवागमन बाधित, ग्रामीणों में आक्रोश

Read Time:3 Minute, 17 Second

( मो0 सनाउल्ला | बारसोई )

बारसोई प्रखंड अंतर्गत बासगांव पंचायत के चिकनिटोला चौक से बिशनपुर बासकोटा जाने वाली मुख्य सड़क पर पुल का निर्माण तो पूरा हो गया है, लेकिन पुल के दोनों ओर मिट्टी की भराई नहीं होने के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद संपर्क मार्ग को सुचारू नहीं किया गया, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर पुल के दोनों ओर मिट्टी नहीं भरने के लिए जिम्मेदार कौन है—ठेकेदार, प्रशासन या फिर स्थानीय जन प्रतिनिधि? ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क चिकनिटोला चौक से बिशनपुर बासकोटा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क है, बावजूद इसके पुल के दोनों तरफ मिट्टी नहीं भरने से लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है।इसी मामले को लेकर बिशनपुर निवासी युवा समाजसेवी एवं AIMIM के विधानसभा प्रभारी मोहम्मद रकीबूल हक ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुल तैयार होने के बावजूद दोनों ओर मिट्टी नहीं भरना लोगों की परेशानी को बढ़ा रहा है। उन्होंने अनुमंडल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की।मो० रकीबूल हक ने जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय प्रतिनिधि लोगों के बीच वोट मांगने पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव के बाद क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुल के दोनों ओर मिट्टी भराई कर आवागमन बहाल नहीं किया गया, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।इस दौरान बासगांव पंचायत के वार्ड सदस्य मो० महबूब, मो० सलीम समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। वहीं, लोगों की परेशानी को देखते हुए स्थानीय समाजसेवी एवं पूर्व मुखिया के पुत्र ने स्वयं जेसीबी मशीन और मिट्टी की व्यवस्था कर पुल के एक ओर थोड़ी मिट्टी भराई कराई, ताकि लोगों का किसी तरह आवागमन शुरू हो सके। स्थानीय लोगों ने इस पहल को सराहनीय बताया।

Previous post अमदाबाद पीएचसी में टीबी मरीजों के बीच फूड पैकेज वितरित
Next post घर की छत पर सोलर लगाएं, बिना बिजली के घर चमकाएं , सरकार के 78 हज़ार सब्सिडी का उठाएं लाभ।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial