August 18, 2026

घर की छत पर सोलर लगाएं, बिना बिजली के घर चमकाएं , सरकार के 78 हज़ार सब्सिडी का उठाएं लाभ।

Read Time:2 Minute, 59 Second

पावर हाउस प्रांगण में 12 अगस्त को लगेगा मेला, ज्यादा से ज्यादा लोगों से पहुंचने की अपील

(मो0 सनाउल्ला | बारसोई )

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगाने वाले बिजली उपभोक्ताओं को सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। योजना का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ना, बिजली बिल का मासिक खर्च कम करना और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है।इसी क्रम में कटिहार जिले के बारसोई क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा लोगों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी जा रही है। रूफटॉप सोलर लगाने के इच्छुक उपभोक्ताओं से निःशुल्क आवेदन भी लिए जा रहे हैं तथा उन्हें योजना की आवेदन प्रक्रिया, सब्सिडी और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है।बिजली विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी मिथलेश कुमार रजक ने बताया कि एक किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट तक के सोलर प्लांट पर अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाती है। यह सब्सिडी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है।उन्होंने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता को सोलर प्लांट लगाने के लिए राशि की कमी होती है, तो उसके लिए आसान बैंक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे उपभोक्ता बिना बड़े प्रारंभिक खर्च के योजना का लाभ उठा सकते हैं।अधिकारियों के अनुसार, रूफटॉप सोलर लगाने से लंबे समय तक बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत हो सकती है। साथ ही इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। सौर ऊर्जा के अधिक उपयोग से देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।कार्यपालक पदाधिकारी मिथलेश कुमार रजक ने लोगों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर लगाकर बिजली खर्च को कम करें।

Previous post पुल बनकर तैयार, लेकिन दोनों ओर मिट्टी नहीं भरने से आवागमन बाधित, ग्रामीणों में आक्रोश
Next post नदी में डूबने से गोपाल नुनिया की मौत, परिजनों ने प्रसाशन से मुआवजा की मांग
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial