कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ खोला मोर्चा करेगी आंदोलन।
बिहार में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर के खिलाफ अब कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश नेतृत्व के आवाह्न पर सोमवार को कांग्रेस के कटिहार जिला अध्यक्ष सुनील कुमार यादव के आवासीय कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से कांग्रेस जिला प्रभारी डॉ० इरशाद खान भी मौजूद रहे। इस प्रेस वार्ता के माध्यम से जिला प्रभारी डॉ० इरशाद खान ने बताया कि राज्य में बिजली के प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश कांग्रेस पूरे राज्य में व्यापक जन आंदोलन चलायेगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट बिजली मीटर योजना पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार की संयुक्त महालूट योजना है। बिहार जैसे गरीब और पिछड़े राज्य में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाया जाना बिहार की जनता पर बहुत बड़ा अत्याचार है। इसे कांग्रेस पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय का भी आदेश प्राप्त है कि जो उपभोक्ता स्मार्ट मीटर नहीं लगाना चाहते हैं जबरन नहीं लगाया जाएगा फिर भी जबरन लोगों पर स्मार्ट मीटर का बोझ थोपा जा रहा है। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि अडानी के खजाने को भरने के लिए बिहार में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। यह योजना तुरंत बंद होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि देश में बिजली कंपनियों को कोयला सप्लाइ का काम अडानी की कंपनियां करती हैं। इस कारण बिजली बेहद महंगी हो गयी है। अब अडानी के विशेषज्ञों ने स्मार्ट बिजली मीटर का सुझाव दिया, इसमें तकनीकी बिलिंग के माध्यम से महालूट की योजना को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के स्मार्ट बिजली मीटर योजना का कांग्रेस पार्टी विरोध करती है। इसे तुरंत बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के आवाह्न पर पूरे बिहार के साथ-साथ कटिहार में भी स्मार्ट मीटर के विरुद्ध चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। मौके पर कांग्रेस पार्टी के दिलीप विश्वास,संजय सिंह,प्रोफेसर विनोद यादव,राजेश रंजन मिश्रा, पंकज तंबाकूवाला,शंभू शरण गुप्ता,मन्नी पासवान,मोहम्मद इश्तियाक आलम, कुमार गौरव सहित कांग्रेस पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।
