हसनगंज में बिजली की आंख-मिचौली से उपभोक्ता परेशान, भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी
डेस्क (हसनगंज)
हसनगंज प्रखंड क्षेत्र में बीते शनिवार की रात से बिजली की आंख-मिचौली ने विद्युत उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। रुक-रुककर बिजली आने-जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इन दिनों इलाके में तेज और भीषण गर्मी का सितम जारी रहने के कारण नियमित बिजली नहीं मिलने से आम लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। बिजली कटौती के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी में बिना पंखे और कूलर के रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। खासकर रात के समय बिजली के बार-बार गुल होने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी गर्मी के बीच काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, बिजली की अनियमित आपूर्ति का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। खेती-किसानी के इस समय में किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की जरूरत है। लगातार बिजली नहीं मिलने से खेतों की सिंचाई को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि समय पर बिजली नहीं मिलने से फसलों की सिंचाई प्रभावित हो सकती है। स्थानीय विद्युत उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली की आंख-मिचौली की समस्या लंबे समय तक बनी रहने से घरेलू कामकाज से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र में नियमित और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में बिजली लोगों की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है। ऐसे में लगातार बिजली की कटौती से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों और किसानों ने विभाग से समस्या का जल्द समाधान कर पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संदर्भ में विद्युत कनीय अभियंता बैद्यनाथ प्रसाद गुप्ता ने बताया कि अधिक लोड पड़ने के कारण विद्युत आपूर्ति में समस्या उत्पन्न हुई थी। विभाग की ओर से समस्या को दूर करने के लिए मरम्मत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिजली की सुविधा मिल सके।
