ग्राम सभा में मनरेगा के बदले विकसित भारत जी राम जी योजना पर चर्चा, मुखिया ने जताया विरोध
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुरसेला प्रखंड के उत्तरी मुरादपुर पंचायत भवन परिसर में शुक्रवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया अविनाश सिंह ने की। इस अवसर पर पंचायत सेवक गुड्डू कुमार, विकसित भारत जी राम जी मनरेगा के पीटीआई अनुपम पंडित, पीआरएस अमित कुमार सहित दर्जनों मनरेगा मजदूर एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।ग्राम सभा के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं मजदूरों को सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना मनरेगा के परिवर्तित नाम विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।कार्यक्रम पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि अब मनरेगा योजना को विकसित भारत जी राम जी के नाम से जाना जाएगा। इस योजना के अंतर्गत 125 दिनों की रोजगार गारंटी, बेरोजगारी भत्ता, समय पर मजदूरी भुगतान एवं देरी होने पर मुआवजे का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा ग्राम सभा द्वारा विकसित ग्राम पंचायत योजना, भीजीपीपी के तहत सभी योजनाओं का आपसी तालमेल तथा तकनीक के माध्यम से मजदूरों के सशक्तिकरण का भी प्रावधान है। उन्होंने दावा किया कि मनरेगा की तुलना में विकसित भारत जी राम जी योजना अधिक कारगर साबित होगी और मजदूरों को रोजगार मिलने में सहूलियत होगी।वहीं पंचायत के मुखिया अविनाश सिंह ने योजना के नाम परिवर्तन पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलकर विकसित भारत जी राम जी करना महात्मा गांधी का घोर अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आज तक 100 दिन का रोजगार और भत्ता सही ढंग से नहीं दे पाई है, ऐसे में 125 दिन रोजगार देने का दावा केवल मजदूरों को बरगलाने का प्रयास है।मुखिया ने कहा कि वर्तमान सरकार नाम बदलकर योजना की मूल भावना से ध्यान भटकाने का कार्य कर रही है, जबकि ज़मीनी स्तर पर मजदूर आज भी रोजगार और मजदूरी भुगतान की समस्याओं से जूझ रहे हैं।
