बाढ़ पीड़ितों के बीच प्रभारी मंत्री का मनिहारी दौरा।
रतन कुमार ओझा (मनिहारी)
बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री प्रमोद चन्द्रवंशी शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मनिहारी पहुंच कर पीड़ित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने प्रभावित लोगों के लिए संचालित सामुदायिक रसोई का निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था की जानकारी ली।मनिहारी पहुंचने के बाद मंत्री प्रमोद चन्द्रवंशी सीधे सामुदायिक रसोई पहुंचे, जहां प्रभावित परिवारों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी कठिनाइयों की जानकारी भी ली।इस दौरान मंत्री ने पीड़ितों के साथ बैठकर भोजन किया। मंत्री सहित अन्य नेताओं ने भोजन के बाद भोजन की गुणवत्ता से संतोष जताया। मंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जरूरतमंद लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।मंत्री श्री चन्द्रवंशी चरवाहा विद्यालय क्षेत्र में चल रही सामुदायिक रसोई की जानकारी ली। सडक किनारे पनाह ले रखे बाढ पीडित परिवारों के बीच प्लास्टिक सीट का वितरण किया।मंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय स्तर पर बाढ़ राहत एवं सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित लोगों से यह सुनिश्चित करने की अपेक्षा की कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन सहित आवश्यक सुविधाएं समय पर मिलती रहें और राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी न हो।मंत्री के मनिहारी दौरे को बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सरकार की राहत एवं सहायता व्यवस्था का जायजा लेने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके पहुंचने से पीड़ित परिवारों में यह उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं के समाधान और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रभारी मंत्री के बाढग्रस्त क्षेत्र भ्रमण के दौरान पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, बरारी विधायक बिजय सिंह, एडीएम आपदा फिरोज अख्तर,राज्य एसटी आयोग के पूर्व अध्यक्ष शंभू सूमन, अनुमंडल पदाधिकारी,जिप सदस्य सुमति देवी,सीओ, बीपीआरओ, संजीव श्रीवास्तव, सहित स्थानीय कार्यकर्ता थे।
