सड़क, बिजली और विकास के मुद्दे पर जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम का प्रेस कॉन्फ्रेंस
मो0 सनाउल्लाह (बारसोई )
बारसोई प्रखंड अंतर्गत क्षेत्र संख्या 26 के जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम ने गुरुवार को बारसोई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थानीय सांसद तारिक अनवर और क्षेत्रीय विधायक श्रीमती संगीता देवी पर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर निशाना साधा।गुलजार आलम ने कहा कि बारसोई क्षेत्र के लोग आज भी विकास से काफी दूर हैं। उन्होंने विशेष रूप से काजीटोला से बारियोल होते हुए मथुरा पुर जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह गड्ढों तथा जलजमाव के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों को रोजाना इस खतरनाक सड़क से होकर गुजरना पड़ता है।जिला परिषद सदस्य ने कहा कि कुछ दिनों पहले सांसद तारिक अनवर ने बारसोई क्षेत्र का दौरा किया था। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि सांसद क्षेत्र की समस्याओं को देखेंगे और विकास कार्यों को लेकर पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लगातार कई बार उन्हें सांसद चुनती आ रही है और पूर्व में वे केंद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं, इसके बावजूद बारसोई क्षेत्र में विकास की स्थिति संतोषजनक नहीं है।गुलजार आलम ने सांसद से आग्रह किया कि वे दोबारा बारसोई क्षेत्र का दौरा करें और सड़क, पुल-पुलिया सहित आम लोगों की समस्याओं को स्वयं देखें। उन्होंने कहा कि जनता उम्मीद कर रही है कि सांसद इन मुद्दों को संसद में उठाकर समाधान की दिशा में पहल करेंगे।उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। गुलजार आलम के अनुसार, क्षेत्र में कई बार आवेदन देने के बावजूद विकास कार्यों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर पुल-पुलिया का निर्माण हो चुका है, लेकिन दोनों तरफ एप्रोच रोड और मिट्टी भराई का काम अब भी अधूरा है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बिजली कब आती है और कब चली जाती है, इसका कोई भरोसा नहीं है। हल्की आंधी या बारिश के बाद लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है।गुलजार आलम ने बिजली आंदोलन के दौरान हुई पुरानी घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दौरान गोलीबारी में दो लोगों की मौत हुई थी, लेकिन उनके परिवारों को अब तक उचित सहायता, मुआवजा या आर्थिक मदद नहीं मिली है। उन्होंने चापाखोर पंचायत के नियाज अहमद का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि वे दोनों आंखों की रोशनी खो चुके हैं और उनके परिवार की स्थिति का अब तक जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन द्वारा उचित संज्ञान नहीं लिया गया है।जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम ने कहा कि इन सभी समस्याओं को लेकर उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता की आवाज को सामने रखा है और प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।इस दौरान भवानीपुर पंचायत के युवा नेता एवं समाजसेवी मो० शहबाज आलम,तथा भवानीपुर पंचायत के पूर्व मुखिया फिरोज आलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
