बिहार गृह रक्षक वाहिनी में चयनित प्रिया कुमारी का गांव लौटने पर हुआ भव्य स्वागत
हसनगंज (डेस्क)
हसनगंज प्रखंड के जगरनाथपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 6 की बेटी प्रिया कुमारी के बिहार गृह रक्षक वाहिनी में चयन के बाद 120 दिनों का प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर परिजनों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने फूल-माला, तिलक एवं मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रिया कुमारी ने बताया कि कड़ी मेहनत, निरंतर प्रयास और लंबी चुनौतियों को पार कर आज उन्हें यह सफलता मिली है। कटिहार स्थित राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित बिहार गृह रक्षक वाहिनी के दौड़ एवं फिजिकल टेस्ट में सफलता प्राप्त करने के बाद उनका चयन हुआ। उन्होंने बताया कि मधेपुरा में 120 दिनों का प्रशिक्षण पूरा कर वे गांव लौटी हैं, जिससे परिवार और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल है। प्रिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता बबलू कुमार सिन्हा, माता सरिता देवी तथा भाइयों कुमार गौरव, कुणाल कुमार एवं अमन कुमार को दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहकर पढ़ाई करते हुए आज उन्हें जिला और देश की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने गांव और देश की बेटियों को संदेश दिया कि कड़ी मेहनत और लगन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रिया के पिता ने सड़कों पर ऑटो चलाकर दिन-रात मेहनत कर बेटी को इस मुकाम तक पहुंचाया है, जो प्रशंसनीय है। सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिख रहा है। एक गरीब परिवार की बेटी का देश सेवा में चयन समाज के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दें और उनके भविष्य को संवारने में सक्रिय भूमिका निभाएं। बच्चों की शिक्षा में माता-पिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, घर पर सकारात्मक माहौल, शिक्षकों से संवाद और बच्चों की रुचि के अनुसार प्रोत्साहन से उनका सर्वांगीण विकास संभव है। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख नीलू देवी, प्रमुख प्रतिनिधि गौतम कुमार, उप-मुखिया रवि कुमार साह, महेंद्र कुमार, अशोक कुमार गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रिया कुमारी को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
