June 20, 2026

कुरसेला प्रखंड में प्रशासनिक चाक चौबंद व्यवस्था में सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण हुआ संपन्न

Read Time:3 Minute, 18 Second

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

कुरसेला प्रखंड क्षेत्र में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुई। प्रखंड का पूरा इलाका भक्ति के माहौल में डूबा रहा और “जय मां सरस्वती” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान होता रहा। क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, सामुदायिक स्थलों एवं मोहल्लों में भव्य रूप से मां सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।सरस्वती पूजा को लेकर कुर्सेला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। थाना अध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की गश्ती टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण करती रही। चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, जिससे किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रशासन की सक्रियता के कारण पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।कुरसेला प्रखंड के विभिन्न स्कूलों और कोचिंग सेंटरों में छात्रों ने अपनी कला और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। खासकर हॉस्पिटल रोड स्थित अयोध्यागंज बाजार के “द लर्निंग अकैडमी” कोचिंग सेंटर में बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। यहां नाव की निकासी से तैयार किए गए थर्माकोल के मॉडल को देखने के लिए भीड़ देखी गई। इस कलाकृति को तैयार करने में छात्राओं ने पिछले एक सप्ताह से कड़ी मेहनत की थी।वहीं ज्ञान भारती आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की पूजा कर आपसी समन्वय और सांस्कृतिक मूल्यों का संदेश दिया। अयोध्यागंज बाजार, कुर्सीला चौक, तीनघड़िया, खेड़िया और महेशपुर समेत अन्य इलाकों में बने पंडालों की भव्यता और साज-सज्जा आकर्षण का केंद्र रही।इस वर्ष प्रशासन द्वारा डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था, जिसका स्पष्ट प्रभाव देखने को मिला। तेज संगीत और अश्लील गानों का शोर नहीं सुनाई दिया, जिससे पूजा का आयोजन पूरी तरह सामाजिक और धार्मिक मर्यादा के अनुरूप शांत वातावरण में संपन्न हुआ।

Previous post कटिहार रेल मंडल में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई सरस्वती पूजा
Next post एस.ओ.एस.बाल ग्राम बेगूसराय में सरस्वती की पूजा बच्चों ने मनायी
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial