September 4, 2026

स्वच्छ भारत मिशन के 10 वर्ष पूरे, मनाया जाएगा उत्सव, जनभागीदारी पर जोर

Read Time:2 Minute, 20 Second

मनिहारी(रतन कुमार ओझा)

स्वच्छ भारत मिशन के दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इसे उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। गुरुवार को स्वच्छ बिहार अभियान के तहत “स्वच्छता ही सेवा 2024” को लेकर प्रखंड सभागार में पत्रकारों के साथ प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सनत कुमार ने किया। उन्होंने “स्वभाव स्वच्छता – संस्कार स्वच्छता” की थीम के साथ स्वच्छ भारत के निर्माण में जनसहभागिता पर जोर दिया और स्वच्छ भारत अभियान में युवाओं एवं छात्रों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।स्वच्छता ही सेवा 2024 अभियान 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से आरंभ होकर 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती तक चलेगा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आमजन को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ भारत निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।बहरहाल प्रेसवार्ता के दौरान जहां स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा था, वहीं प्रखंड कार्यालय के शौचालय में इतनी गंदगी फैली थी कि कोई भी आम आदमी इसका इस्तेमाल नहीं कर सकता। शौचालय से उठ रही बदबू पूरे भवन में फैल रही थी जिससे अभियान के प्रति गंभीरता पर सवाल उठे। इस संबंध में सवाल पूछे जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि जल्द ही सभी बाथरूम की सफाई करा ली जाएगी। इस प्रेसवार्ता में प्रखंड समन्वयक प्रकाश कुमार और बीपीआरओ सोनू गुप्ता भी उपस्थित थे।

Previous post बारसोई प्रखंड के जीविका कैडर्स बिहार में चल रहे अनिश्चितकालीन हड़ताल में रहेंगे शामिल
Next post 2025 में बिहार में जनता का राज होगा स्थापित – प्रशांत किशोर
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial